इकौना (श्रावस्ती)। गैर प्रांतों व महानगरों से वापस घर लौटे प्रवासियों को 21 दिनों तक अपने घर पर ही एकांतवास करने का निर्देश दिया गया है। इसका उनकी ओर से अनुपालन नहीं किया जा रहा है। इसका खुलासा मंगलवार को कंजड़वा में एसडीएम व सीओ इकौना के निरीक्षण में हुआ। निरीक्षण के दौरान दो प्रवासी घर से नदारद मिले। जिन्हें 14 दिनों तक क्वारंटीन करने के लिए कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय इकौना भेजा गया है।
वैश्विक महामारी कोरोना के संक्रमण को और फैलने से रोकने के लिए पूरे देश में लॉकडाउन किया गया है। इतना ही नहीं महाराष्ट्र, मुंबई, दिल्ली, हरियाणा, गुजरात व पंजाब सहित अन्य प्रांतों व महानगरों से घर वापस लौटने वाले प्रवासी मजदूरों को स्वास्थ्य विभाग की ओर से एहतियातन 21 दिनों तक अपने घरों में रह कर एकांतवास करने, चेहरे पर मास्क व रुमाल लगाने, अपने कपड़े व बर्तन स्वयं धुलने तथा लोगों के संपर्क से दूर रहने की चेतावनी दी गई है।
इसका लोग अनुपालन नहीं कर रहे हैं। क्वारंटीन अवधि में भी लोग घरों से बाहर घूम रहे हैं। इसका खुलासा मंगलवार को इकौना के ग्राम कंजड़वा में हुआ। जहां क्वारंटीन अवधि में बाहर घूमने व लॉकडाउन का उल्लंघन करने के मामले में निगरानी समिति व ग्रामीणों ने एसडीएम से शिकायत की थी। शिकायत के बाद गांव पहुंचे उपजिलाधिकारी इकौना राजेश मिश्रा व पुलिस क्षेत्राधिकारी इकौना तारकेश्वर पांडेय को मनीष यादव व कृष्ण कुमार पासवान घर पर उपस्थित नहीं मिले।
जिनके विरुद्ध महामारी अधिनियम व लॉकडाउन का उल्लंघन करने के मामले में कार्रवाई करते हुए उन्हें स्वास्थ्य विभाग की ओर से 14 दिनों तक कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय इकौना स्थित क्वारंटीन स्थल भेजा गया है।