श्रावस्ती। खराब मौसम के बाद भी योग से निरोग रहने के लिए बुधवार को जगह-जगह कार्यक्रम का आयोजन हुआ। स्टेडियम में जिला पंचायत अध्यक्ष के साथ डीएम, पुलिस लाइन में एसपी, बार्डर पर एसएसबी तो जगतजीत इंटर कॉलेज इकौना में श्रावस्ती विधायक के साथ सामाजिक संगठनों द्वारा कई स्थानों पर योग शिविर का आयोजन किया गया।
सुबह हल्की बारिश ने मौसम ठंड़ा कर दिया। वहीं बरसात के दौरान भी कई जगह लोगों ने योग किया। स्टेडियम में जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्रा के साथ ही डीएम कृतिका शर्मा व जिले के सभी अधिकारियों ने योग करके निरोग रहने का संदेश दिया। पुलिस लाइन में एसपी प्राची सिंह के नेतृत्व में योग शिविर आयोजित हुआ। वहीं सीमा क्षेत्र पर तैनात एसएसबी के जवानों ने सीमांत गांवों में योग शिविर का आयोजन किया। जबकि 62वीं वाहिनी के जवानों ने कटरा श्रावस्ती में बौद्ध स्तूप के सामने योग करके प्राचीन परंपरा अपनाने का संदेश दिया।
गायत्री मंदिर, सभी माध्यमिक व महाविद्यालय में भी योग शिविर का आयोजन हुआ। जबकि सामाजिक संगठनों द्वारा जगह-जगह छोटे व बड़े शिविर लगा कर लोगों को योग से जोड़ने का प्रयास किया गया।
गीली जमीन भी नहीं कर पाई उत्साह कम
सुबह बारिश के बाद स्टेडियम में जमीन गीली हो गई थी। इसके बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। कुछ लोगों ने मैट का इस्तेमाल किया तो कुछ ने आयोजकों द्वारा उपलब्ध कराई मैट से ही काम चलाया।
योग से पहले भगवान धन्वंतरि को किया याद
9वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का शुभारंभ जिले में स्पोर्ट्स स्टेडियम भिनगा से किया गया। इस मौके पर अध्यक्ष जिला पंचायत दद्दन मिश्रा व डीएम कृतिका शर्मा ने द्वीप प्रज्वलित कर भगवान धन्वंतरि के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया।
राज्यपाल व मुख्यमंत्री के योग का हुआ सीधा प्रसारण
प्रधानमंत्री, राज्यपाल व मुख्यमंत्री द्वारा किए गए योग का सीधा प्रसारण एलईडी वैन व वीडियो वैन के माध्यम से स्टेडियम में किया गया।
बच्चे भी योग के प्रति दिखे जागरूक
योग को लेकर हर उम्र के लोगों में उत्साह दिखा। हालांकि इसमें बच्चे भी पीछे नहीं रहें। नवोदय विद्यालय के साथ केंद्रीय विद्यालय व एटीएस में भी योग कराया गया। जहां बच्चों का उत्साह देखते बना।
यहां भी हुआ योग
संयुक्त जिला अस्पताल भिनगा में स्थापित योग वेलनेस सेंटर, सभी ब्लाॅक मुख्यालयों, तहसील मुख्यालयों, नगर निकाय, स्वास्थ्य विभाग, वन विभाग, पुलिस विभाग, समस्त सांस्कृतिक पर्यटन स्थल, प्रमुख नदियों, झीलों, तालाबों, तथा अमृत सरोवरों के तटों पर, योग वेलनेस सेंटर, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, आयुष हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर एवं अन्य चिकित्सालयों में योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया।