श्रावस्ती। गोरखपुर-फैजाबाद खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के पुनरीक्षण को लेकर सोमवार को डीएम ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने प्रतिनिधियों से मतदाता सूची पुनरीक्षण में सहयोग की अपील की।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में डीएम नेहा प्रकाश ने कहा कि एक नवंबर 2022 के आधार पर विधान परिषद के गोरखपुर-फैजाबाद खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का पुनरीक्षण चल रहा है। इसमें नाम सम्मिलित कराने के लिए संशोधित फॉर्म 18 पर सात नवंबर तक आवेदन लिया जाएगा। आवेदक का 31 अक्तूबर 2019 के पूर्व का स्नातक व समकक्ष होना आवश्यक है। यह आवेदन अपने संबंधित तहसील के उप जिलाधिकारी भिनगा, इकौना एवं जमुनहा के कार्यालय में दिया जा सकता है। निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन 23 नवंबर को किया जाएगा। इसके बाद 23 नवंबर से 09 दिसंबर तक दावे व आपत्तियां ली जाएंगी। इसका अंतिम प्रकाशन 30 दिसंबर को किया जाएगा। बैठक में एडीएम डीपी सिंह, श्रावस्ती विधायक रामफेरन पांडे आदि मौजूद रहे।
जनप्रतिनिधियों डीएम को गिनाईं समस्याएं
श्रावस्ती। कलेक्ट्रेट स्थित सभाकक्ष में डीएम नेहा प्रकाश ने जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने जन प्रतिनिधियों से क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा की। एमएलसी के प्रतिनिधि पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रमन सिंह ने कहा कि इकौना में भिनगा सेमरी तक सड़क के दोनों ओर मरम्मत कराई जाए। इकौना बाईपास के चिचड़ी से भांभेपारा तक मार्ग क्षतिग्रस्त है। जिसे गड्ढामुक्त कराने के साथ ही केन नाले की सफाई कराई जाए। सपा जिलाध्यक्ष सर्वजीत यादव ने बाढ़ पीड़ितों को निर्धारित मात्रा में राहत सामग्री देने, हाईवे से दहावर कला तक मार्ग का सर्वे कराने व मरम्मत कराने को कहा। बैठक में एडीएम डीपी सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। (संवाद)