बहराइच में चिलचिलाती धूप में गुजरते लोग।
बहराइच। तराई क्षेत्र में गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। चिलचिलाती धूप और उमस से लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। दिन का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने और रात में बिजली गुल रहने से शहर से लेकर गांव तक लोग बेहाल हैं।
बिजली कटौती के कारण घरों में लगे कूलर और पंखे बंद हो जाते हैं, जिससे सबसे ज्यादा परेशानी बुजुर्गों, बच्चों और मरीजों को हो रही है। लोग गर्मी से बचने के लिए तरह-तरह के उपाय कर रहे हैं। वहीं उमस के कारण दिनभर लोगों को बेचैनी महसूस हो रही है।
मौसम विभाग के अनुसार बृहस्पतिवार को जिले का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी अधिक होने के कारण गर्मी का असर और तेज महसूस हो रहा है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों तक गर्मी और उमस से राहत मिलने की संभावना कम है। ऐसे में लोगों को धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने और सावधानी बरतने की जरूरत है।