तुलसीपुर (श्रावस्ती)। जमुनहा के ग्राम ददौरा के मजरा शहादत नगर में खसरे का प्रकोप है। इसकी चपेट में आने से गांव के 40 लोग बीमार हैं। इसकी सूचना के बाद भी गांव तक न तो स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची, न ही गांव में वृहद सफाई अभियान ही चलाया गया। भिनगा व इकौना नगर से लेकर गांवों तक सफाई व्यवस्था का हाल बेहाल है। जगह जगह लगे कूड़े के ढेर, चोक नालियां व मार्ग पर फैला गंदा पानी संक्रामक रोग को आमंत्रण दे रहा है। वही गांवों में लगे ज्यादातर सरकारी हैंडपंप भी खराब है। ऐसे में ग्रामीण गंदगी के बीच लगे कम गहराई वाले निजी हैंडपंपों का पानी पीकर अपनी सेहत खराब कर रहे हैं। ऐसा ही कुछ हाल जमुनहा के ग्राम ददौरा के मजरा सहादत नगर में देखने को मिला। जहां विगत कई दिनों से खसरे का प्रकोप छाया हुआ है।
इसकी चपेट में आने से गांव निवासी शहजाद (6), दिलशाद (9), अरविंद कुमार (6), जगराना (65), वसीम (4), वंदना (8), शान्ति देवी (35), बडकऊ (36), किरन (8), ननके (22), काजल (13), विजय (5), अनीश (4), गौरी देवी (2) रोशनी (3), शाकिरा (7) सहित गांव के 40 लोग खसरे से पीड़ित हैं। पीड़ितों के परिवारीजनों की मानें तो इसकी सूचना ग्रामीणों की ओर से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्हीपुर व सोनवा में दी जा चुकी है। इसके बावजूद न तो गांव तक कोई स्वास्थ्य टीम पहुंची और न ही गांव की सफाई के लिए कोई अभियान ही चलाया जा रहा है। इस बारे में एसीएमओ डा. मुकेश मातनहेलिया का कहना है कि जानकारी हुई है। गांव में टीम भेजकर जांच कराई जाएगी। संवाद