इकौना सीएचसी में भर्ती हमले में घायल महिला।-
इकौना। नवीन मॉडर्न थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत सुलेमपुर बैदौरा मशरिक में बुधवार रात बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर दंपती पर हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीणों को आता देख आरोपी मौके से भाग निकले। घायल पति-पत्नी को सीएचसी इकौना में भर्ती कराया गया है।
गांव निवासी बंशीलाल ने बताया कि बुधवार रात वह पत्नी रीना के साथ घर में सोने की तैयारी कर रहे थे। तभी बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाश जबरन घर में घुस आए। दंपती कुछ समझ पाते, इससे पहले ही आरोपियों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला कर दिया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो तीनों हमलावर भाग गए। ग्रामीणों ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद गांव में दहशत है। सीओ भरत पासवान ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।