श्रावस्ती। सोनवा थाना क्षेत्र के ग्राम मनिहारतारा के मजरा भरथा निवासी ने गुरुवार पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर से मिल कर उन्हें एक शिकायती पत्र सौंपा है। इसमें शिकायतकर्ता ने ससुरालीजनों पर अपनी पुत्री को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता करने का आरोप लगाते हुए प्रकरण में हस्तक्षेप की मांग की है।
सीओ नगर हौसला प्रसाद को सौंपे शिकायती पत्र में सोनवा थाना क्षेत्र के ग्राम मनिहारतारा के मजरा भरथा निवासी हसन अली पुत्र सुलेमान ने कहा है कि उसने अपनी पुत्री कलीमुन का विवाह चार वर्ष पूर्व मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सेहरिया के मजरा कटकूुइयां निवासी बादशाह पुत्र सैयदन के साथ किया था। पीड़ित की पुत्री को दहेज में मोटरसाइकिल के लिए आए दिन प्रताड़ित किया जा रहा था।
परिणामस्वरूप पीड़ित की पुत्री विगत एक वर्ष से अपने मायके में रह रही थी। 30 मई 2020 को उसका पति बादशाह, सास लाला पीड़ित के घर आई थी। जिनके द्वारा पीड़िता की पुत्री को प्रताड़ित न करने की बात कह अपने घर ले गए थे। अगले दिन ही सुबह ससुरालीजनो ने फोन कर बताया कि पीड़ित की पुत्री संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है।
सूचना पीड़ित द्वारा यूपी 112, बदला पुलिस चौकी व मल्हीपुर थाना सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दिया था। सूचना के दो माह बाद भी पीड़ित की पुत्री का कोई सुराग नहीं लग पा रहा है। वहीं पुलिस प्रकरण को गंभीरता से नहीं ले रही है जिससे पीड़ित परेशान है। 10 अगस्त को पीड़ित द्वारा इसकी शिकायत 1076 पर दर्ज कराई गई।