श्रावस्ती। गिलौला क्षेत्र के ग्राम रामपुर कटेल के मजरा बेलीपुरवा में बुधवार देर शाम एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बाबा किशोरीलाल ने बताया कि बुधवार शाम किरन घर में अकेली थी। परिवार के सभी लोग घर के बाहर थे। किरन का पति कृष्ण कुमार उसे फोन कर रहा था। उसका फोन न उठने पर कृष्ण कुमार ने अन्य परिजनों को फोन किया। इस पर जब परिजन घर के अंदर आए और कमरे में देखा तो किरन फंदे से लटकी हुई मिली।
उन्होंने बताया कि मल्हीपुर क्षेत्र के ग्राम कोकल स्थित अपनी ससुराल से किरन नागपंचमी का त्योहार मनाने के लिए ग्राम रामपुर कटेल के मजरा बेलीपुरवा आई थीं। तभी से वह मायके में ही रह रही थी। पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्रित कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।