इकौना। ग्राम पंचायत चुनहवा बनकटी में मंगलवार देर रात एक विवाहिता सपना (22) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। मां खातूना बेगम ने दामाद मुनीष, ससुर अय्यूब, देवर व देवरानी पर दहेज हत्या की तहरीर दी है। निकाह के दो साल बाद से मुनीष बाइक और अय्यूब एक लाख रुपये दहेज में मांग रहे थे। खातूना बेगम के अनुसार, मंगलवार को मुंबई से लौटे मुनीष ने ही उनकी बेटी की हत्या की है। पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर जांच कर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। थाना प्रभारी परमानंद तिवारी ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।