भिनगा में एक दुकान पर साड़ियां पसंद करती महिला
श्रावस्ती। दीपोत्सव नजदीक आते ही बाजारों की रौनक बढ़ गई है। त्योहार को खास बनाने के लिए लोग घरों की साफ-सफाई के साथ खरीदारी में जुटे हैं। सोमवार को कपड़ों, जूते और चप्पलों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ रही। सुबह 11 बजे से देर शाम तक बाजारों में चहल-पहल बनी रही। लोग अपने साथ परिजनों के लिए भी पसंदीदा परिधानों की खरीदारी करते नजर आए।
भिनगा के नई बाजार स्थित साड़ी की दुकान पर कस्बा निवासी सुनैना शर्मा अपनी बहुओं के लिए साड़ियां पसंद करती दिखीं। दुकानदार आयुष गुप्ता ने बताया कि इन दिनों सिल्क की साड़ियों की मांग अधिक है। इनकी कीमत 800 से 5000 रुपये तक है। वहीं, जूते-चप्पलों की दुकानों पर चमड़े की चप्पल और लोफर जूतों की खरीदारी हो रही है। व्यवसायी प्रमोद गुप्ता ने दिवाली तक अच्छा कारोबार होने की उम्मीद जताई।