परिषदीय विद्यालयों में जांच करते आयुक्त।
- फोटो : SRAWASTI
श्रावस्ती। जिले के एक दिवसीय दौरे पर आए मंडलायुक्त व डीआईजी ने मंगलवार को उच्च प्राथमिक विद्यालय पटना व प्राथमिक विद्यालय पटना खास का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था का हाल जाना। इसके बाद उन्होंने पटना खरगौरा में बनी गौशाला का भी निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
हरिहरपुररानी क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय पटना पहुंचे मंडलायुक्त महेंद्र कुमार ने कहा कि बच्चे घड़े के समान हैं। जिस प्रकार एक कुम्हार मिट्टी को तराश कर बेहतर आकार देकर उसे घड़ा बना देता है। ठीक उसी प्रकार शिक्षक बच्चों को बेहतर शिक्षा देकर उनका भविष्य उज्ज्वल बनाएं। जिससे बच्चे पढ़ लिखकर आगे बढ़ सके। इस दौरान उन्होंने कक्षा 6, 7 व 8 के बच्चों से गणित के सवाल पूछे। वहीं सामाजिक विज्ञान की पुस्तक भी पढ़ाई।
बच्चों की ओर से सही उत्तर देने पर छात्रों के साथ एकल अध्यापक अशोक कुमार यादव की प्रशंसा की। इसके बाद उन्होंने प्राथमिक विद्यालय पटना खास का भी निरीक्षण किया। जहां उन्होंने बच्चों से पहाड़ा व गिनती सुनी। इस दौरान उन्होंने शिक्षक को और बेहतर कार्य करने का निर्देश दिया। साथ ही बीएसए ओमकार राणा को शिक्षा व्यवस्था में गुणात्मक सुधार लाने को कहा।
इसके बाद मंडलायुक्त ने पुलिस उप महानिरीक्षक डॉ. राकेश सिंह के साथ पटना खरगौरा स्थित गौ आश्रय स्थल का भी निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि यहां कुल 30 गौवंश हैं। ग्राम प्रधान की ओर से गोवंशों की देख भाल, चारा व अन्य व्यवस्थायें की जाती हैं। आयुक्त ने सीवीओ को निर्देश दिया कि गोवंशों का समय समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराएं। इस दौरान जिलाधिकारी यशु रुस्तगी, अपर जिलाधिकारी योगानंद पांडेय, उपजिलाधिकारी भिनगा प्रवेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।