तुलसीपुर/गिरंट बाजार। मल्हीपुर क्षेत्र की फतेहपुर बनगई ग्राम पंचायत के बांसगढ़ी मजरे में रविवार देर रात घरेलू विवाद में युवक ने धारदार हथियार से हमला कर पत्नी की हत्या कर दी। मृतका के भाई की तहरीर पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
नेपाल के बांके जिले धरवारी टोला, वार्ड नंबर दो की रहने वाली नीलम मौर्य (40) का विवाह करीब 20 साल पहले बांसगढ़ी निवासी रक्षाराम मौर्य से हुआ था। रविवार रात करीब 11 बजे किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर रक्षाराम ने नीलम पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए, जिससे उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना पर मल्हीपुर थाना प्रभारी महेंद्र सिंह पुलिस और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल की जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सीओ आलोक सिंह और एएसपी चंद्रकेश सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर पड़ताल की।
बेटे और बेटी का रो-रोकर बुरा हाल
बांसगढ़ी में ही नीलम की बुआ की बेटी सुशीला मौर्य का भी विवाह हुआ है। घटना के बाद सुशीला ने नेपाल में नीलम के मायकेवालों को सूचना दी। इस पर भाई विक्रांत राज मौर्य व अन्य परिजन बांसगढ़ी पहुंचे। विक्रांत ने आरोपी बहनोई रक्षाराम के खिलाफ मल्हीपुर थाने में हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई। विक्रांत ने बताया कि नीलम का 18 वर्षीय बेटा अभिषेक पुणे में रहता है, जबकि 16 वर्षीय बेटी अंकिता नेपाल में ननिहाल में रहकर पढ़ाई करती है। मां की हत्या की सूचना से दोनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रात में हुआ था विवाद
पति-पत्नी में रात में विवाद होने और इसके बाद पति द्वारा धारदार हथियार से पत्नी की हत्या किए जाने की जानकारी मिली है। हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। -चंद्रकेश सिंह, एएसपी