श्रावस्ती। नवरात्र के तीसरे दिन शुक्रवार को देवी मंदिर मां चंद्रघंटा नमो नम: मंत्र से गूंज उठे। मां दुर्गा के तृतीय स्वरूप मां चंद्रघंटा की आराधना विधि-विधान पूर्वक की गई। पूरे दिन देवी मंदिरों में मां के भक्तों की भीड़ जमी रही।भोर से ही देवी मंदिरों में शंख, घंटे व घड़ियाल बजने लगे। भिनगा नगर के राजर्षि काली मंदिर, झारखंडी माता मंदिर व संतोष माता मंदिर सहित जिले के अन्य देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों ने आदि शक्ति जगत जननी जगदंबा के तृतीय स्वरूप मां चंद्रघंटा की पूजा-अर्चना कर सुख समृद्धि की कामना की।
राजर्षि काली मंदिर गेट के सामने लोक गायकों के मां के गीतों व पचरा से समूचा माहौल देवीमय बना रहा। इकौना के बेचू बाबा, माता ज्वाला देवी मंदिर, जमुनहा के जगपति धाम, सिरसिया के दुर्गा मंदिर, गिलौला के झारखंडी व सदाशिव महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता दिन भर लगा रहा। इसके साथ ही देवी मंदिरों में मुंडन आदि मांगलिक आयोजन भी प्रारंभ हो गए हैं। भिनगा के काली मंदिर व इकौना के बेचूबाबा सहित बलरामपुर के तुलसीपुर स्थित देवी पाटन मंदिर पर लोग बच्चों का मुंडन संस्कार कराने के लिए पहुंच रहे हैं। संवाद