श्रावस्ती। कृषि विभाग की ओर से उर्वरक विक्रेताओं पर मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की गई। इनमें से 12 उर्वरक विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित करने के साथ ही 18 विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। ये सभी विक्रेता ओवररेटिंग करने के साथ ही रात में उर्वरक बेचते पाए गए थे।
किसान जहां एक ओर एक-एक बोरी खाद के लिए समितियों के चक्कर लगा रहे हैं, वहीं जिम्मेदार खाद की बिक्री में मनमानी करते नजर आ रहे हैं। इसका खुलासा तब हुआ, जब केंद्र सरकार की ओर से ई पॉस मशीन की निगरानी की गई।
प्रभारी जिला कृषि अधिकारी बलजीत बहादुर वर्मा ने बताया है कि केंद्र सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण विभाग तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के उर्वरक विभाग की ओर से 19 नवंबर को ई पॉश मशीन की निगरानी के दौरान रात में भी खाद बिक्री होती मिली थी।
इसके साथ ही निर्धारित मूल्य के सापेक्ष बिक्री मूल्यों में भी अंतर मिला। इस पर विभाग की ओर से 12 उर्वरक बिक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए। साथ ही 18 विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
कार्रवाई में इनका हुआ निलंबन
विभाग की ओर से की गई कार्रवाई में शिवम मिश्रा खाद बीज भंडार चौबेपुरवा, विजय खाद बीज भंडार खर्चवीरान, पांडेय किसान सेवा केंद्र कटरा, फौजी ट्रेडर्स मल्हीपुर, वर्मा खाद बीज भंडार मल्हीपुर, अमित कुमार मिश्रा सेमरी तरहर, यादव कृषि सेवा केंद्र किशुनपुर चोरवाभारी, बालाजी खाद विक्रेता पटना खरगौरा, यादव बीज भंडार भंगहा बाजार, गोरक्ष ट्रेडर्स सोनवा, कसौधन खाद बीज भंडार गुलरा कोठी व बी-पैक्स दुर्गापुर तराई का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया।
इनको मिला कारण बताओ नोटिस
विभागीय कार्रवाई में दिलीप कुमार श्रीवास्तव नासिरगंज, मनीष किसान सेवा केंद्र जमुनहा, श्रीराम एंड संस हरिहरपुर रानी, आरके ट्रेडिंग कंपनी बंठिहवा, किसान सेवा केंद्र किढिहौना, साधना कृषि सेवा केंद्र परसा चौराहा, पाठक खाद बीज भंडार सोनबरसा को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इसी क्रम में एग्रीजक्शन वन स्टॉप शॉप टंड़वा महंथ, शर्मा कृषि सेवा केंद्र गोड़पुरवा, सैय्यद अली भौसावां, विशेन खाद बीज भंडार कटरा, सुभी ट्रेडर्स मधवापुर, मिश्रा किसान सेवा केंद्र अडुवापुर, किसान सेवा केंद्र बहोरवा, सिद्दीकी खाद भंडार इकौना, किसान सेवा केंद्र लक्ष्मननगर, वर्मा खाद बीज भंडार लक्ष्मनपुर व एग्रीजक्शन वन स्टॉप शॉप खरगौरा मोड़ को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।