श्रावस्ती। लॉकडाउन के चलते जहां आम लोगों को नि:शुल्क अनाज देने की कवायद हो रही है। वहीं दूसरी ओर सरकारी बोरी से ही कम अनाज निकल रहा है। मामला गिलौला के चंद्रावां कंट्रोल का है। यहां गोदाम से आए 50 किलो की बोरी में 46 किलो 500 ग्राम ही अनाज निकल रहा है। प्रति बोरी साढ़े तीन किलो अनाज कम पाया जा रहा है।
आम लोग लॉकडाउन के चलते परेशान हैं। सरकार एक ओर जहां गरीबों को नि:शुल्क अनाज देने की बात कर रही है। वहीं सरकारी सील बोरी में ही कम अनाज निकल रहा है। यह कोई इत्तेफाक नहीं लगभग सभी बोरी में कोटेदार तीन से चार किलो कम अनाज पा रहे हैं। जिसकी भरपाई भी वह गरीबों के अनाज में कटौती करके कर रहे हैं। इसका खुलासा गुरुवार को गिलौला के चंद्रावां में हुआ। यहां कोटेदार अंत्योदय कार्ड धारकों को मुफ्त खाद्यान वितरण कर रहा था, तभी अनाज तौलते तौलते अंत में अनाज कम पड़ गया।
ऐसा एक दो बोरी में हुआ। इसके बाद कोटेदार ने जब सील बोरी तौली तो लगभग सभी बोरी में तीन से चार किलो अनाज कम था। किसी में 50 किलो की जगह 46 किलो तो किसी में उससे कम अनाज निकल रहा था। इस संबंध में कोटेदार ने बताया कि प्रत्येक व्यक्ति के लिए अनाज की मात्रा निर्धारित है। महामारी में लगभग सभी के घरों में अनाज की कमी है। ऐसे में जो अनाज कम निकल रहा है उसका क्या होगा। फिलहाल शासन द्वारा निर्धारित अनाज गरीबों को दिया जा रहा है। जितनी कमी पाई जाएगी, उसकी शिकायत डीएसओ कार्यालय में की जाएगी।
घर बैठे फोन करके मंगवाएं दवा
लॉकडाउन में घर बैठे आवश्यक दवाएं मंगवाने के लिए गुरुवार ड्रग निरीक्षक मन्नू शंकर ने दस दुकानों का नंबर जारी किया है। इस पर घर बैठे ही दवाओं का ऑर्डर दिया जा सकता है। यदि दुकानों द्वारा होम डिलिवरी नहीं की जाती है तो इसकी शिकायत भी की जा सकती है। विभाग द्वारा जारी नंबर के अनुसार इकौना तहसील के लिए पंकज मेडिकल एजेंसी 8795371991, श्रावस्ती मेडिकल स्टोर 9956423990, यादव मेडिकल एजेंसी 9936121382, उमेश मेडिकल स्टोर 8601500211, भिनगा तहसील के लिए बब्लू मेडिकल हाल 9918464596, मनीष मेडिकल स्टोर 9721706218, सुशांत मेडिकल स्टोर 6392025888, गुप्ता मेडिकल स्टोर 8960150316, न्यू गुप्ता मेडिकल स्टोर 9935813100 व सुधीर मेडिकल स्टोर मल्हीपुर 9452536944 है।