मिहींपुरवा के मटेही में तेंदुए के हमले में घायल महिला। -संवाद
बहराइच। नवीनपुरवा मटेही गांव में रविवार सुबह एक महिला ने सड़क किनारे दिखे तेंदुए के दो शावकों को बिल्ली का बच्चा समझकर गोद में उठाने की कोशिश की। तभी झाड़ियों में छिपी मादा तेंदुए ने उस पर हमला कर जख्मी कर दिया। महिला ने करीब दो मिनट तक तेंदुए से संघर्ष किया, गांव वाले दौड़े तो तेंदुआ शावकों के साथ गन्ने के खेत में चली गई।
गांव निवासी सनबरसी (35) पत्नी रामबहादुर रोज की तरह रविवार सुबह करीब छह बजे खेत की ओर जा रही थीं। रास्ते में पूर्व प्रधान अचल राणा के घर के पास उन्होंने सड़क किनारे दो छोटे शावक देखे। उन्हें बिल्ली का बच्चा समझकर वह पास गईं और एक को गोद में उठा लिया।
जैसे ही उन्होंने दूसरे शावक को उठाने की कोशिश की, झाड़ियों में छिपी मादा तेंदुआ ने झपट्टा मार दिया। अचानक हुए हमले में सनबरसी गिर पड़ीं, लेकिन उन्होंने शोर मचाते हुए साहस दिखाया और लगभग दो मिनट तक जान बचाने के लिए तेंदुए से संघर्ष करती रहीं।
चीख सुनकर परिजन और ग्रामीण दौड़े। भीड़ को आता देख तेंदुआ सनबरसी को छोड़ शावकों के साथ पास के गन्ने के खेत में चली गई। सनबरसी के गले और पीठ पर गहरे जख्म हो गए हैं। ग्रामीणों ने उनको तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुजौली पहुंचाया, जहां से बेहतर इलाज के लिए सीएचसी मिहींपुरवा रेफर कर दिया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि मादा तेंदुआ अपने दो शावकों के साथ पिछले कई दिनों से गांव के आसपास देखी जा रही है। 12 घंटे के भीतर तेंदुए का यह दूसरा हमला है। इससे पहले शनिवार शाम गांव निवासी रामाशंकर पर भी तेंदुए ने हमला कर जख्मी कर दिया था। लगातार दो हमलों से पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
बढ़ाई गई गश्त
निशानगाड़ा रेंज के वन क्षेत्राधिकारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि गांव के आसपास तेंदुए की गतिविधि की सूचना मिली है, गश्त बढ़ा दी गई है। टीम को मौके पर भेजा गया है। ग्रामीणों को सतर्क रहने और बच्चों को अकेले खेत या जंगल की ओर न भेजने की हिदायत दी गई है।