श्रावस्ती। फाइलेरिया उन्मूलन के दौरान छूटे लोगों को मॉपअप राउंड में आज मंगलवार से दो सितंबर तक घर-घर जाकर फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन कराया जाएगा। सीएमओ डॉ. अजय प्रताप सिंह ने बताया कि सभी को साल में एक बार फाइलेरिया से बचाव की दवा जरूर खानी चाहिए। अगर कोई व्यक्ति दवा खाने से छूट गया है तो वह मंगलवार से दो सितंबर के बीच चलाए जा रहे मॉपअप राउंड में स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के सामने दवा खा सकता है।
दवा के दुष्प्रभाव से न घबराएं
नोडल अधिकारी डॉ. वीके श्रीवास्तव ने बताया कि दवा का सेवन स्वास्थ्य कार्यकर्ता सामने ही करवाएंगे। दवा का सेवन खाली पेट नहीं करना है। दवा खाने के बाद किसी-किसी को जी मिचलाने, चक्कर या उल्टी आना, सिरदर्द व खुजली की शिकायत हो सकती है, ऐसे में घबराने की जरूरत नहीं है। यह एक सामान्य प्रक्रिया है। ऐसा शरीर में फाइलेरिया के परजीवी होने से हो सकता है, जो दवा खाने के बाद मरते हैं। ऐसी प्रतिक्रिया कुछ देर में स्वत: ठीक हो जाती है।
ऐसे करें बचाव
प्रभारी जिला मलेरिया अधिकारी राकेश पाल ने बताया कि फाइलेरिया से बचाव के लिए मच्छरों से बचना जरूरी है। मच्छरों से बचाव के लिए घर के आसपास पानी, कूड़ा और गंदगी जमा न होने दें। घर में भी कूलर, गमलों अथवा अन्य चीजों में पानी न जमा होने दें। सोते समय पूरी बांह के कपड़े पहनें और मच्छरदानी का उपयोग करें। यदि किसी को फाइलेरिया के लक्षण नजर आते हैं तो वे घबराएं नहीं। स्वास्थ्य विभाग के पास इसका उपचार उपलब्ध है। लक्षण नजर आते ही तुरंत सरकारी अस्पताल जाएं।