जिला पंचायत परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मौजूद श्रमिक व लाभार्थियों को स्वीकृत प्रमाण पत
- फोटो : SRAWASTI
श्रावस्ती। संपूर्ण निर्माण कार्य करने का पूरा दारोमदार श्रमिकों व मजदूरों के कंधों पर है। यदि हमारा श्रमिक व मजदूर खुशहाल होगा तो निश्चित ही हमारा घर, गांव, मोहल्ला व समाज खुशहाल होगा। प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री श्रमिकों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसके लिए सरकार तमाम योजनाओं का संचालन कर उन्हें लाभान्वित करा रही है। जिससे श्रमिकों को किसी प्रकार की कोई दिक्कत न होने पाए।
यह बातें शनिवार को जिला पंचायत परिसर में श्रावस्ती व बलरामपुर जिले के 11 हजार 518 श्रमिकों को श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए स्वीकृति प्रमाण पत्र देते हुए प्रदेश के श्रम सेवायोजन एवं समन्वय विभाग के मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने कही। इस दौरान उन्होंने दोनो जिलों के श्रमिकों से अपील करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार उनके हर दुख दर्द में उनके साथ खड़ी है। सरकार उनके बेटे-बेटियों की पढ़ाई के लिए संत रविदास शिक्षा सहायता योजना एवं मेधावी छात्र पुरस्कार योजना संचालित कर रही है। इस दौरान उन्होंने दोनों जिले की 8 करोड 85 लाख 79 हजार 644 की योजनाओं का स्वीकृत प्रमाण पत्र लाभार्थियों को वितरित किया।
प्रदेश सरकार ने श्रावस्ती में मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना के तहत 206 लाभार्थियों को 73 लाख 24 हजार रुपये की स्वीकृत प्रदान की है। मृत्यु एंव विकलांगता सहायता योजना के तहत 14 लाभार्थियों को 28 लाख रुपये, अंत्येष्टि सहायता योजना के तहत 14 लाभार्थियों को 35 लाख रुपये, पुत्री विवाह सहायता योजना के तहत 163 लाभार्थियों को 89 लाख 65 हजार रुपये, चिकित्सा सुविधा योजना के तहत 4804 लाभार्थियों को एक करोड़ 44 लाख 12 हजार, संत रविदास शिक्षा सहायता (साइकिल योजना) के तहत 100 लाभार्थियों को चार लाख रुपये की स्वीकृति दी है।
वहीं बलरामपुर में मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना के लिए 268 लाभार्थियों को 92 लाख 45 हजार 894 रुपये, मृत्यु एंव विकलांगता सहायता योजना के चार लाभार्थियों को आठ लाख, अंत्येष्टि सहायता योजना के चार लाभार्थियों को एक लाख, पुत्री विवाह सहायता योजना के 455 लाभार्थियों को दो करोड़ 50 लाख 25 हजार, चिकित्सा सुविधा योजना के 5399 लाभार्थियों को एक करोड़ 61 लाख 97 हजार, संत रविदास शिक्षा सहायता में 31 लाभार्थियों को एक लाख 60 हजार 750 तथा आवास सहायता योजना के 56 लाभार्थियों को 28 लाख रुपये की स्वीकृत दी है। श्रावस्ती विधायक रामफेरन पांडे ने कहा कि सरकार श्रमिकों के हित में तमाम योजनाएं चला रही है। जिसका श्रमिक लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनें। देवीपाटन मंडल की उप श्रमायुक्त रचना केसरवानी ने कहाकि 31 मार्च तक श्रमिकों का पंजीकरण एवं नवीनीकरण निशुल्क है। इसलिए श्रमिक अपने नजदीक के किसी भी लोकवाणी केंद्र पर जाकर पंजीकरण कराएं, जिससे उनके हित में संचालित योजनाओं से उन्हें लाभान्वित किया जा सके।