श्रावस्ती। पुरानी रंजिश में विरोधियों ने चकपिहानी निवासी एक कोटेदार पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। गंभीर घायल कोटेदार को इलाज के लिए लखनऊ ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। मृतक के परिजन की तहरीर पर भिनगा पुलिस तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
एसपी प्राची सिंह ने बताया कि आरोपी सोहन लाल व अनूप को गिरफ्तार कर पूछताछ करने के साथ ही तीसरे आरोपी पंकज की गिरफ्तारी के टीमें लगाई गई हैं। घटना के बाद गांव में व्याप्त तनाव को देखते हुए पुलिस फोर्स भी तैनात कर दी गयी है। मृतक मंगलवार रात एक निमंत्रण में शामिल होकर घर लौट रहा था।
भिनगा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चक पिहानी निवासी माता प्रसाद गुप्ता उर्फ करिया (३०) पुत्र राधिका गुप्ता भाजपा का पदाधिकारी होने के साथ ही गांव का काटेदार भी था। होली पर गांव के ही कुछ लोगों से उसका विवाद हुआ था। बीते मंगलवार को माता प्रसाद गांव के ही मजरा बाला नगर निवासी पुतराम के घर आयोजित बरही कार्यक्रम में शामिल होकर देर रात मोटर साइकिल से लौट रहा था। जोतवा मोड़ स्थित सोहन लाल के पालेसर के पास पहुंचने पर वहां पहले से घात लगाए कुछ लोगों ने लाठी डंडा व धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया।
गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा ले जाया गया। जहां से उसे मेडिकल कालेज बहराइच रेफर कर दिया। हालत में सुधार न होता देख चिकित्सकों ने उसे मेडिकल विश्वविद्यालय लखनऊ के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इस मामले मामले में परिजन की तहरीर पर भिनगा कोतवाली पुलिस ने गांव के ही सोहन लाल, अनूप कुमार वर्मा व पंकज वर्मा के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।