श्रावस्ती। वैश्विक महामारी कोरोना के बढ़ते प्रकोप को रोकने के लिए लगातार बढ़ाया जा रहा कोरोना कर्फ्यू मंगलवार को समाप्त हो गया। कर्फ्यू समाप्त होते ही मुख्यालय भिनगा सहित जिले के अन्य बाजार की रौनक वापस आ गई। बरसात समाप्त होने के बाद हर कोई अपनी दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए बाजार पहुंच गया। वहीं एक माह से बंदी झेल रहे दुकानदारों के चेहरों में भी रौनक देखने को मिली।
तराई में विगत माह से लगातार बाजार बंद थे। पहले आंशिक व बाद में लगातार कोरोना कर्फ्यू लगने के कारण सभी बाजार व दुकानें पूरी तरह से बंद थीं। ऐसे में जहां दुकानदारों के सामने रखा माल खराब होने का खतरा बना हुआ था। वहीं छोटे दुकानदारों के जीविकोपार्जन का संकट भी उत्पन्न हो गया था। इतना ही नहीं बाजार व दुकान बंद होने के कारण निर्माण कार्य भी रुका हुआ था। ऐसे में श्रमिकों के सामने भी मजदूरी का संकट उत्पन्न हो गया था।
बाजार बंद होने से लोगों को दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए परेशान होना पड़ रहा था। ऐसे में मंगलवार को करीब एक माह बाद कोरोना कर्फ्यू खत्म हूुआ तो जिले के बाजार गुलजार हो गए। सुबह बरसात होने के कारण भले ही बाजारों में रौनक न दिखी हो। लेकिन दोपहर बाद मौसम सामान्य होते ही लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए। इसका असर बाजार ही नहीं मुख्य मार्ग पर भी देखने को मिला। अब तक सूने दिख रहे चौक चौराहे व मार्ग भी गुलजार नजर आए। कर्फ्यू समाप्त होते ही क्या व्यापारी क्या आमजन हर किसी के चेहरे में मुस्कान फैल गई।