श्रावस्ती। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय हरिहरपुररानी की दो छात्राओं का चयन 68वीं राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए किया गया है। प्रतियोगिता की तैयारी के लिए छात्राएं बुधवार को लखनऊ के लिए रवाना होंगी।
महाराष्ट्र के कोल्हापुर में 68वीं राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता 25 से 29 अप्रैल तक चलेगी। प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय हरिहरपुररानी की सानिया बेगम व रूपा ने बेहतर प्रदर्शन किया था। ऐसे में दोनों छात्राओं का राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर सकें इसके लिए लखनऊ स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय बक्सी का तालाब के परिसर में करीब एक सप्ताह तक अभ्यास कराया जाएगा। अभ्यास में प्रतिभाग करने के लिए चयनित छात्राएं बुधवार को रवाना होंगी। वार्डन कैशर जहां ने बताया कि छात्राओं को नियमित रूप से स्पोर्ट्स स्टेडियम में अभ्यास कराया जा रहा है। साथ ही और कुशल बनाने के लिए लखनऊ में छात्राओं का अभ्यास कराया जाएगा।