भिनगा कोतवाली में पीड़ितों की फरियाद सुनती डीएम साथ में एएसपी व अन्य।
- फोटो : SRAWASTI
श्रावस्ती। जिले के सभी थानों में शनिवार को समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इस दौरान कुल 103 शिकायतें आईं। इनमें से 16 का मौके पर निपटारा किया गया। वहीं सिरसिया में आयोजित समाधान दिवस की अध्यक्षता डीएम ने की। जहां उन्होंने मौजूद राजस्व कर्मियों को ग्राम समाज की भूमि को सुरक्षित रखने का निर्देश दिया। इसके साथ ही सार्वजनिक भूमि पर कब्जे की शिकायत की पुष्टि होने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई करने की चेतावनी दी।
सिरसिया थाने में आयोजित समाधान दिवस में जिलाधिकारी यशु रुस्तगी ने कहा कि लेखपाल व ग्राम पंचायत अधिकारी गांव के विकास की मुख्य कड़ी हैं। वह गांव में जिला प्रशासन का प्रतिनिधित्व करते हैं। इसलिए उनका दायित्व बनता है कि गांव में हो रही गतिविधियों पर अपनी पैनी नजर रखें। यदि कहीं उन्हें किसी भी प्रकार की ऐसी गतिविधियां मिलती है जिससे अमन चैन में बाधा उत्पन्न होने की आशंका हो तो तत्काल वे उच्चाधिकारियों को सूचित करें। जिससे अमन चैन में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
इस दौरान बनकटवा निवासी ढोड़े पुत्र स्वामी दयाल ने अपनी भूमि पर कब्जे की शिकायत की। इस पर डीएम ने तहसीलदार भिनगा राजकुमार पांडेय व थानाध्यक्ष सिरसिया को तत्काल मौके पर जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद भिनगा कोतवाली पहुंची डीएम ने समस्या सुनी। जहां मदरहवा निवासिनी शगुनी पत्नी फकीरे ने गांव के ही एक व्यक्ति पर उसकी भूमि पर कब्जा करने के प्रयास की शिकायत की। इस पर डीएम ने राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम भेजकर कब्जा हटवाने का निर्देश दिया।
वहीं कटरा निवासी कृष्ण कुमार की भूमि से कब्जा हटाने को कहा। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक बीसी दूबे ने थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का निपटारा राजस्व कर्मचारियों के साथ मिलकर प्राथमिकता के आधार पर करें। इस मौके पर उप जिलाधिकारी भिनगा चन्द्र मोहन गर्ग, पुलिस क्षेत्राधिकारी डॉ. जेबी सिंह सहित संबंधित थाना प्रभारी, राजस्व निरीक्षक व लेखपाल आदि मौजूद रहे।
वहीं जिले के अन्य थानों पर आयोजित समाधान दिवस में कुल 103 शिकायतें आई, इनमें से मात्र 16 का मौके पर निपटारा हो सका। इस दौरान मौजूद अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को मौके पर जाकर शिकायतों का निपटारा करने का निर्देश दिया।