किसान इंटर कालेज में छात्रों को आपदा के दौरान बचाव की जानकारी देते एनडीआरएफ के लोग।
- फोटो : SRAWASTI
गिलौला (श्रावस्ती)। आपदा कभी बताकर नहीं आती, ऐसा अचानक होता है। इसलिए आपदा के समय धैर्य बनाए रखें। पहले एकाग्र व शांत मन से चिंतन करें। इसके बाद आपदा से निपटने का प्रयास करें, जिससे आप तो सुरक्षित रहें साथ ही दूसरों की भी सुरक्षा कर सकें। यह तभी संभव है जब आपको आपदा से निपटने का तरीका पता हो। इसके लिए एनडीआरफ की टीम विद्यालयों में जाकर बच्चों व ग्रामीणों को प्रशिक्षित कर रही है।
यह बातें किसान इंटर कॉलेज सुविखा में एनडीआरएफ 11वीं वाहिनी सीताद्वार के टीम कमांडर इंस्पेक्टर पंकज कुमार सिंह ने कहीं। उन्होंने एनडीआरएफ की कार्य प्रणाली तथा राष्ट्रीय विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम के बारे में छात्रों को जानकारी दी। बताया कि आपदा प्रबंधन तथा प्राथमिक चिकित्सा का प्रशिक्षण प्राप्त कर भविष्य में विभिन्न आपदाओं के दौरान लोगों को बचाया जा सकता है।
आपदाओं का सामना जानकारी तथा तैयारी से ही किया जा सकता है। इसलिए परिस्थितियां कैसी भी हो लेकिन हार ना मानें। उपनिरीक्षक मनीष चौबे ने भूकंप, बाढ़ और आग जैसी आपदाओं के दौरान बचाव उपायों के बारे में समझाया। साथ ही इन आपदाओं में प्रयोग करने वाली रेसक्यू तकनीक, फंसे हुए लोगों को निकालने एवं उन्हें प्राथमिक उपचार देने के बारे में भी बताया।
मौजूद छात्रों व शिक्षकों को आसानी से उपलब्ध होने वाले चीजों से प्राथमिक उपचार जैसे ड्रेसिंग, बैंडेज, खून का बहाव रोकने व सर्पदंश के प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण भी दिया। इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य रामराखन त्रिपाठी सहित सभी शिक्षक, छात्र छात्राएं मौजूद रहे।