कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में छात्राओं को पुलिस अधिकारियों ने दिया जानकारी
- फोटो : SRAWASTI
श्रावस्ती। जिले में मिशन शक्ति अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के दौरान बालिकाओं एवं महिलाओं के उत्थान के लिए सरकार की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी भी दी जा रही है। इसी के तहत शनिवार को सिरसिया के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय जनकपुर में कार्यक्रम आयोजित कर छात्राओं को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रभारी निरीक्षक सिरसिया राम समुझ प्रभाकर ने कहा कि बेटियों एवं महिलाओं के सम्मान से ही हमारा गांव, मोहल्ला एवं समाज का सम्मान है। इसलिए सभी लोगों को प्रत्येक बेटी व महिलाओं का सम्मान करना चाहिए। क्योंकि बेटी व नारी आदि काल से ही सम्माननीय एवं पूज्यनीय रही है। वहीं इसके साथ ही जिले के कई अन्य स्थानों पर मिशन शक्ति अभियान चलाकर महिलाओं व बालिकाओं को अभियान के बारे में जानकारी देते हुए उन्हें सुरक्षा एवं आत्मनिर्भरता के लिए बनाए गए कानून एवं नियमों के संबंध में जागरूक किया जा रहा है।
इस दौरान छात्राओं को वीमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्प लाइन 181, चिकित्सीय सहायता के लिए 108 पुलिस कंट्रोल 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 आदि के बारे में भी जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें यह भी बताया गया कि यदि किसी प्रकार की समस्या होती है या कहीं आने जाने पर कोई अंजान व्यक्ति परेशान करता है तो निसंकोच हेल्पलाइन नंबर पर फोन कर सहायता प्राप्त की जा सकती है।
फोन करने वालों का नाम पता गोपनीय रखा जाता है। इस दौरान थानों पर स्थापित महिला हेल्प डेस्क पर नियुक्त महिला कर्मचारियों द्वारा महिलाओं की समस्याओं को लगातार सुना जा रहा है। इस मौके पर छात्राओं को मिशन शक्ति टीम की ओर से सेल्फ डिफेंस का डेमो करके दिखाया गया। साथ ही उन्हें मिशन शक्ति की जागरूकता के लिए पंफलेट भी वितरित किया गया। इस मौके पर प्राचार्या शशिकिरन, अध्यापिका अर्चना तिवारी, महिला आरक्षी रिया द्विवेदी व शिवानी सिंह सहित अन्य शिक्षक व छात्राएं मौजूद रहीं।