मेले को लेकर विभूतिनाथ मंदिर का जायजा लेते डीएम व एसपी। -स्रोत : सूचना विभाग
श्रावस्ती। कजरी तीज व कांवड़ यात्रा को लेकर बृहस्पतिवार शाम विभूतिनाथ मंदिर परिसर में डीएम अजय कुमार द्विवेदी व एसपी घनश्याम चौरसिया ने बैठक की। डीएम ने मेलार्थियों व श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े, इसका विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। किसी भी प्रकार की शिथिलता पर संबंधितों के विरुद्ध कार्रवाई की चेतावनी दी।
डीएम ने कहा कि अधिकारी व मेला प्रबंध कमेटी के सदस्य आपस में समन्वय बनाकर मेले को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराएं। आने-जाने के लिए 25 से 30 फुट का रास्ता खाली होना चाहिए। कहा कि पंचायती राज अधिकारी सभी कच्ची-पक्की सड़कों पर सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराएं।
उन्होंने सड़कों पर बन आए गड्ढों की मरम्मत कराकर दोनों तरफ की झाड़ियां साफ कराने के लिए लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया। ईओ भिनगा को पानी का टैंकर उपलब्ध कराने व सीएमओ को मेले में स्वास्थ्य शिविर लगाने, महिला चिकित्सक की उपस्थिति अनिवार्य रूप से रखने का निर्देश दिया।
मेले में झूला लगाने वालों से एनओसी प्राप्त करने के बाद ही अनुमति प्रदान करने, छुट्टा मवेशियों को परिसर में न घुसने देने का ध्यान रखने, मेले में 24 घंटे बिजली की व्यवस्था बनाए रखने के लिए 25 केवीए का ट्रांसफार्मर लगवाने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।
एसपी ने जंगली जानवरों से सुरक्षा के लिए पुलिस व वन विभाग की टीम को ट्रेंकुलाइज गन के साथ तैनात करने के लिए कहा। कहा कि मेला परिसर सीसीटीवी कैमरे की नजर में रहेगा। खुफिया पुलिस तैनात रहेगी। इसके बाद अधिकारियों ने विभूतिनाथ मंदिर व अभिषेक के लिए जल लेने वाले कुंड तथा संपूर्ण मेला परिसर का भ्रमण कर जायजा लिया।
इस दौरान एएसपी मुकेश चंद्र उत्तम, एसडीएम भिनगा आशीष भारद्वाज, बीडीओ सिरसिया व मेला प्रबंध समिति के सदस्य सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।