श्रावस्ती। कृषि विभाग में तैनात कनिष्ठ सहायक के विरुद्ध एग्रो इनपुट डीलर एसोसिएशन श्रावस्ती ने धनउगाही सहित अन्य आरोप लगाए थे। इस पर विभागीय जांच में इसकी पुष्टि भी होने के बाद जिला कृषि अधिकारी ने उसे निलंबित कर राजकीय बीज भंडार जमुनहा से संबद्ध कर दिया है।
जिला कृषि अधिकारी अनिल प्रसाद मिश्र ने बताया कि कनिष्ठ सहायक महेंद्र प्रताप सिंह को उर्वरक पटल सहायक के कार्य में सहयोग प्रदान करने के लिए लगाया गया था। उनके विरुद्ध एग्रो इनपुट डीलर एसोसिएशन श्रावस्ती की ओर से आईजीआरएस पोर्टल पर उर्वरक विक्रेताओं से पीओएस मशीन वितरण, उर्वरक वितरण रजिस्टर प्रमाणित करने, ओवररेटिंग व बिना किसी उर्वरक निरीक्षक के दुकान पर जाकर कार्यवाही की धमकी देकर धनउगाही करने की शिकायत दर्ज कराई थी।
इस शिकायत पर विभाग की ओर से वरिष्ठ प्राविधिक सहायक ग्रुप-ए विकास कुमार को जांच करने व आख्या प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया था। जांच आख्या में सभी आरोप सही पाए जाने पर डीडीएजी के निर्देश व डीएम, सीडीओ सहित अन्य के अनुमोदन पर महेंद्र प्रताप सिंह को निलंबित कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि निलंबन अवधि तक कनिष्ठ सहायक को राजकीय बीज भंडार जमुनहा से संबद्ध कर दिया गया है। इसके साथ ही इस मामले की जांच वरिष्ठ प्राविधिक सहायक ग्रुप-ए अश्वनी कुमार को सौंपी है।