श्रावस्ती। भगवान विष्णु के अवतारी श्रीकृष्ण का जन्म जिले में मंगलवार को कोरोना प्रोटोकाल के तहत सामाजिक दूरी का अनुपालन करते हुए धूमधाम से मनाया गया। जिले के प्रमुख मंदिरों व ठाकुरद्वारों में माखनचोर कुंवर कन्हैया के जन्म पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मध्य रात्रि श्रीकृष्ण जन्म के साथ ही रंग-बिरंगी आतिशबाजी से समूचा जिला कृष्णमय हो चला था। इस बीच हुई बूंदाबांदी से मौसम भी पूरी तरह सुहाना बना रहा। वहीं पुलिस लाइन व थानों सहित जिले के अन्य हिस्सों में बुधवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाई गई।
भादो कृष्णपक्ष अष्टमी को जिले के प्रमुख ठाकुरद्वारों में मंगलवार को और रिजर्व पुलिस लाइन भिनगा व थानों सहित लोगों के घरों में भगवान श्रीकृष्ण का जन्म बुधवार को श्रद्धा पूर्वक व पारंपरिक ढंग से मनाया गया। इस मौके पर कई प्रमुख स्थानों पर देवकी नंदन गोपाल की जन्माष्टमी पर पूजन कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसके लिए पुलिस लाइन परिसर सहित ठाकुरद्वारों व अन्य मंदिरों को सजाया गया।
कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने रंग-बिरंगी झांकियां भी सजाईं। जहां कोरोना प्रोटोकाल के तहत पारंपरिक ढंग से श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर मंदिरों में बजने वाले भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं से संबंधित गीतों से समूचा जिला कृष्णमय रहा।
मध्य रात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ ही मंदिरों में बजे घंटे-घड़ियालों व शंखनाद के साथ ही हुई आतिशबाजी से समूचा श्रावस्ती जिला मथुरा-वृंदावन बन गया। पुलिस लाइन परिसर में अधिकारियों सहित पुलिसकर्मियों ने परिवार के साथ श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाई। इस दौरान बदली छाए होने व बूंदाबांदी के बीच चली ठंडी हवाओं के कारण मौसम पूरी रात सुहाना बना रहा।