श्रावस्ती। जिला कारागार बहराइच में निरुद्ध जिले के विचाराधीन बंदियों व कैदियों का हाल जानने के लिए मंगलवार की शाम डीएम व एसपी ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान बंदियों व कैदियों से मिल कर उन्हें जिला जेल में मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। वहीं कमियों को दूर करने के लिए जेल अधीक्षक सहित जेलर आदि को निर्देशित किया।
डीएम ओपी आर्य, एसपी आशीष श्रीवास्तव, सीडीओ अवनीश राय, एडीएम योगानंद पांडेय, एसडीएम भिनगा, इकौना व जमुनहा के साथ मंगलवार देर शाम जिला कारागार बहराइच पहुंचे। यहां अधिकारियों ने जिला कारागार के विभिन्न बैरकों, भोजनालय, चिकित्सालय, पेयजल, शौचालय सहित सफाई व्यवस्था का जायजा लिया गया।
डीएम ने बंदियों व कैदियों से वार्ता कर जेल उन्हें दी जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इस दौरान बंदियों की परेशानियां भी सुनी। साथ ही छह सदस्यीय टीम बनाकर सभी बैरकों में तलाशी भी कराई।
महिला बंदियों के उपचार के बारे में अधिकारियों ने जेल प्रशासन को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। वहीं कारागार अधीक्षक को जेल की सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद करने, सफाई व भोजन व्यवस्था ठीक बनाने के लिए निर्देशित किया।