प्रतियोगिता में अपना माॅडल प्रदर्शित करता शिक्षक। - स्रोत: विभाग
श्रावस्ती। जीजीआईसी भिनगा में बृहस्पतिवार को कला समेकित शिक्षण शास्त्र प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें कुल 11 विद्यालयों के शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। जय कुमार नौटियाल को प्रथम व पल्लवी को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ।
छात्रों को कला आधारित शिक्षा प्रदान करने के लिए शिक्षकों का भी उसी विधा में पारंगत होना अनिवार्य है। इसी उद्देश्य से बृहस्पतिवार को कला समेकित शिक्षण शास्त्र प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें कुल 11 विद्यालयों के शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। सभी ने एक से बढ़कर एक मॉडल प्रस्तुत किए।
राजकीय हाईस्कूल जोगनी के शिक्षक जय कुमार नौटियाल को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। उन्होंने पर्यायवाची शब्दों को कलात्मक ढंग से सिखाने का मॉडल प्रस्तुत किया। इसी क्रम में राजकीय हाईस्कूल दिकौली की शिक्षिका पल्लवी पांडेय को द्वितीय स्थान मिला। उन्होंने कहानी के माध्यम से शिक्षा प्रदान करने की कला का प्रदर्शन किया।
राजकीय बालिका इंटर काॅलेज इकौना की शिक्षिका ममता विमल को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। उन्होंने पेंटिंग के माध्यम से छात्रों को बेहतर शिक्षा प्रदान करने का मॉडल प्रस्तुत किया। इसी तरह अन्य शिक्षकों ने भी अपने-अपने मॉडल प्रस्तुत किए।
इस मौके पर प्रभारी प्रधानाचार्या डाॅ. एकता यादव, निर्णायक मंडल में प्रधानाचार्य विजय बहादुर, राजकुमार, विनय कुमार यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।