श्रावस्ती। जिले के मुख्य व संपर्क मार्ग जर्जर हैं। इनकी मरम्मत नहीं हो रही है। ऐसे में लोग जान जोखिम में डालकर सफर करने को विवश हैं। मार्ग जर्जर होने के कारण अक्सर दुर्घटनाएं भी होती रहती है। इसमें कई लोग अपनी जान भी गवा चुके हैं। इसके बाद भी इन जर्जर मार्गों की मरम्मत नहीं हो सकी है।
ऐसे में जब मुख्यमंत्री ने 15 नवंबर तक सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का आदेश दिया तो लोगों में मार्ग बेहतर होने की उम्मीद जगी है। देखा जाए तो जिले में स्टेट हाईवे फोरलेन सहित अन्य प्रमुख व संपर्क मार्गों का हाल बेहाल है। कुछ मार्ग इनमें ऐसे भी हैं जिनकी कुछ माह पूर्व ही मरम्मत कराई गई, लेकिन मानकों की अनदेखी के कारण यह मार्ग फिर खस्ताहाल हो गए। वहीं कुछ मार्ग व पुल के अप्रोच ऐसे भी हैं, जिन पर वाहन तो दूर पैदल चलना भी दुश्वारियों भरा साबित हो रहा है।
रोड़े व मिट्टी डालकर चला रहे काम
जमुनहा क्षेत्र में जमुनहा बहराइच मुख्य मार्ग जगह जगह जर्जर हैं। इसकी मरम्मत के नाम पर लोक निर्माण विभाग की ओर से रोड़े व मिट्टी डाल कर काम चलाया जा रहा है। वहीं जमुनहा के मल्हीपुर स्थित बैरियर चौराहे से बहराइच के बाबागंज जाने वाला मार्ग भी बदहाल है। क्षेत्र के बाबागंज, मल्हीपुर, धन्नीडीह चौराहा, गिरंट बाजार व शंकरपुर चौराहे को जोड़ने वाला मार्ग चौबेडीह के पास भकला पुल के निकट पूरी तरह से क्षतिग्रस्त है। यहां सिर्फ पटरियां ही नहीं मार्ग भी नदारद है। यही स्थिति जमुनहा से फतेहपुर, बनगई, कानीबोझी, बड़े गंगापुर से पेट्रोल पंप तक, तहसील मुख्यालय के सामने, कठिईया पुल, हरिहरपुररानी, उल्टहवा पुल, बहोरवा, चिरैया रानीसीर, नानकार से इटरौली बाजार तक बदहाल है।
फोरलेन की पटरियां भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त
भिनगा नगर में खैरीमोड़ के निकट डबल लेन, पुलिस लाइंस, पिपरा पुल के निकट सहित लक्ष्मननगर तक कई स्थानों पर फोरलेन की पटरियां पूरी तरह क्षतिग्रस्त हैं। भिनगा लक्ष्मनपुर मार्ग रेहली से लेकर लक्ष्मनपुर बाजार तक जर्जर है। यही हाल भिनगा ताल बघौड़ा मार्ग का भी है। जो अंटा तिराहे से राजपुर बैरियर तक खस्ताहाल है। भिनगा इकौना मार्ग भिनगा से सेमरी चौराहे तक, फोरलेन स्थित खरगौरा मोड़ से सेमरी चौराहे तक, भिनगा परसा मार्ग भिनगा से कानी बोझी तक, भंगहा मार्ग पर जगह जगह गड्ढे बने हुए हैं। यही स्थिति कटरा विशेश्वर गंज मार्ग, गिलौला धनुही मार्ग, भिनगा में पुरानी बाजार सहित जिले के अन्य हिस्सों में मुख्य व संपर्क मार्गों पर गड्ढे ही गड्ढे मौजूद हैं।
मुख्यमंत्री की ओर से मार्गों को गड्ढा मुक्त बनाने के लिए सभी विभागों के साथ बैठक कर निर्देश दिया गया है। इसका अनुपालन कराया जाएगा। मार्ग को गड्ढा मुक्त कराने के साथ उसकी मरम्मत में गुणवत्ता का पूरा ख्याल भी रखा जाएगा। यदि कहीं गड़बड़ी मिली तो संबंधित ठेकेदार पर कार्रवाई की जाएगी।
- अवनीश राय, मुख्य विकास अधिकारी