तपोस्थली में भ्रमण के दौरान प्रार्थना करते एनसीसी कैडेट्स। - संवाद
कटरा। सिरसिया क्षेत्र के बनवारी देवी अशोक कुमार स्मारक महाविद्यालय में आठ दिवसीय ऑल इंडिया ट्रैकिंग शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर के पहले दिन रविवार को 51वीं यूपी एनसीसी बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल अरविंद प्रताप सिंह पटवाल के निर्देशन में कश्मीर निदेशालय के कैडेट्स ने बुद्ध की तपोस्थली का भ्रमण कर इतिहास की जानकारी ली।
ट्रैकिंग शिविर के पहले दिन सूबेदार नंद सिंह के नेतृत्व में एनसीसी कैडेट्स ने महामांकोल छाय धम्मा डिवोटेड लैंड वर्ल्ड पीसफुल सेंटर में ध्यान लगाकर मन को एकाग्रचित रखने की विधि के बारे में जानकारी ली।
इस दौरान डॉ. वांगकोड सिंधीपाल ने कहा कि हम सभी को भविष्य की चिंता छोड़कर वर्तमान में जीना चाहिए। यदि वर्तमान में बेहतर कार्य करेंगे, तो भविष्य भी सुधरेगा। उन्होंने कहा कि कोई भी पुरुष अपने कर्मों से महान बनता है, अपने जन्म से नहीं।
उन्होंने आगे कहा कि दुनिया नहीं जानती कि हम सभी का अंत यहीं पर होना है, लेकिन जो लोग इस सच को जानते हैं, उनके सारे झगड़े एक ही बार में खत्म हो जाते हैं। इसके साथ ही कैडेट्स ने अंगुलीमाल गुफा, जेतवन परिसर, सहेट-महेट आदि का भ्रमण कर उसकी जानकारी ली। इस अवसर पर शिक्षक, एनसीसी कैडेट्स व अधिकारी मौजूद रहे।