श्रावस्ती। न्यायालय सहित बैंक शाखाओं की सुरक्षा व्यवस्था जांचने के लिए जिला पुलिस की ओर से बुधवार को विशेष अभियान चलाया गया। एसपी के निर्देश पर पुलिस कर्मियों ने थाना क्षेत्र में पैदल गश्त कर बैंक शाखाओं व ग्राहक सेवा केंद्रों में जांच की। वहीं प्रभारी न्यायालय सुरक्षा ने भिनगा तहसील व न्यायालय परिसर पहुंच कर सुरक्षा जांची। इस दौरान वहां तैनात सुरक्षा कर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिया।
पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार मौर्य के निर्देश पर बुधवार को सभी थाना व चौकी प्रभारियों ने बैंक शाखाओं की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक बीसी दुबे के नेतृत्व में सोनवा पुलिस ने बैंक शाखाओं की जांच की। वहीं पुलिस क्षेत्राधिकारी हौसला प्रसाद के नेतृत्व में सिरसिया पुलिस ने बैंकों की जांच की।
प्रभारी निरीक्षक भिनगा देवेंद्र कुमार पांडे के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस व दद़्दन सिंह के नेतृत्व में मल्हीपुर पुलिस, गिलौला में बृजेश दुबे व इकौना अनिल दीक्षित तथा सोनवा में प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने क्षेत्र के बैंक में लगे सीसीटीवी, सायरन व संदिग्ध व्यक्तियों सहित वाहनों की जांच की।
इस दौरान पुलिस कर्मियों ने बैंक में उपस्थित लोगों को सुरक्षा की जानकारी देकर जागरूक रहने के लिए प्रेरित भी किया। वहीं प्रभारी निरीक्षक न्यायालय सुरक्षा कमलाकांत त्रिपाठी ने पुलिस बल के साथ भिनगा तहसील व न्यायलय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने न्यायालय सुरक्षा में लगे सभी पुलिसकर्मियों को सतर्क रहकर मुस्तैदी से ड्यूटी करने के लिए निर्देशित किया।