श्रावस्ती। दुर्गा प्रतिमाओं के सकुशल विसर्जन के लिए सोमवार को डीएम अन्नपूर्णा गर्ग और एसपी राहुल भाटी ने भकला घाट का निरीक्षण किया। उन्होंने विसर्जन स्थल तक जाने वाले रास्तों, प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। डीएम ने एसडीएम आशीष भारद्वाज को विसर्जन से पहले रास्ते दुरुस्त कराने और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। एसपी ने फोरलेन पर यातायात नियंत्रण के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने और विसर्जन जुलूस में पर्याप्त पुलिसकर्मी लगाने के निर्देश दिए। थाना प्रभारियों को अफवाह फैलाने वालों, अराजक तत्वों और सोशल मीडिया पर नजर रखने को कहा।