पुलिस कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में मौजूद व्यापारी व पुलिसकर्मी।
श्रावस्ती। पुलिस कार्यालय सभागार में रविवार को पुलिस व व्यापारियों की मासिक गोष्ठी हुई। इसमें व्यापारियों ने अपनी समस्याएं बताईं, जिन पर एएसपी ने समाधान का आश्वासन दिया। एएसपी चंद्रकेश सिंह ने व्यापारियों से परिचय प्राप्त कर उनकी प्रमुख समस्याओं की जानकारी ली। व्यापारियों ने सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने, बस स्टैंड पर डग्गामार वाहनों पर प्रतिबंध लगाने की मांग की। उन्होंने पेट्रोल पंपों पर सुरक्षा और स्कूल बसों के फिटनेस की समस्या भी बताई। एएसपी ने भींड़ वाले स्थानों से अतिक्रमण हटवाने सहित अन्य समस्याओं को शीघ्र सुलझाने का आश्वासन दिया। उन्होंने सभी व्यापारियों से प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने और श्रमिकों का सत्यापन कराने को कहा। सुरक्षा बढ़ाने के लिए पुलिस गश्त व वाहन चेकिंग सघनता से की जाएगी। एएसपी ने आग से बचाव के उपकरण लगवाने और साइबर अपराध से बचने के लिए ओटीपी साझा न करने की अपील की। इस मौके पर प्रभारी 112 रामनवल यादव, प्रभारी यातायात मोहम्मद शमीम, सूफी सगीर अहमद, मिथिलेश कुमार, आलमगीर, प्रेम नारायण तिवारी, रिजवान अहमद, संतोष कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।