श्रावस्ती। मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन सभागार में एसपी राहुल भाटी की अध्यक्षता में शिक्षक-अभिभावक जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें एसपी ने सभी शिक्षकों व अभिभावकों से बच्चों को आत्मरक्षा, महिला सम्मान एवं सुरक्षा व साइबर सुरक्षा आदि के लिए प्रेरित करने की अपील की।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए एसपी राहुल भाटी ने कहा कि मिशन शक्ति केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा की दिशा में एक जन जागरण भी है। पुलिस विभाग समाज के प्रत्येक वर्ग को सुरक्षा एवं जागरूकता से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कहा कि चौपालों के माध्यम से महिलाओ, बालिकाओं व छात्र-छात्राओं को हेल्पलाइन नंबरों, प्रमुख कानूनों व विकासपरक योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। इस अभियान में शिक्षकों व अभिभावकों की भूमिका सबसे सशक्त है। शिक्षक और अभिभावक बच्चों के मन और विचार दोनों का निर्माण करते हैं।
एएसपी मुकेश चंद्र उत्तम ने कहा कि शिक्षकों को बच्चों के व्यवहार, उनकी दिनचर्या और मानसिक स्थिति पर विशेष ध्यान देना चाहिए, ताकि किसी भी प्रकार के अपराध की आशंका को समय रहते रोका जा सके। गोष्ठी को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज भिनगा की प्रधानाचार्या डॉ. एकता यादव, शिक्षिका प्रतिमा पांडेय व गरिमा त्रिपाठी ने भी संबोधित किया।