श्रावस्ती। जिला पुलिस ने बुधवार को न्यायालय के साथ पुलिस लाकप व बैंकों में सुरक्षा व्यवस्था को जांचा। भिनगा में सीओ डॉ. जेबी सिंह तो जमुनहा में सीओ हौसला प्रसाद ने व्यवस्था देखी। न्यायालय की सुरक्षा को लेकर पुलिस इस समय सतर्क दिख रही है। जहां परिसर से कुछ दूर बाहर ही आम लोगों के वाहनों को रोक दिया जा रहा है। वहीं न्यायालय में आने वाले वादकारियों व पैराकारों की जांच भी हो रही है।
इसके लिए स्थायी पुलिस कर्मी तैनात हैं। इसके बाद भी उच्च अधिकारी क्रॉस चेकिंग के नाम पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। बुधवार को दीवानी परिसर में सीओ जेबी सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने तहसील परिसर स्थित पुलिस लाकअप की भी सुरक्षा को जांचा। उन्होंने लाकअप व परिसर में तैनात पुलिस कर्मियों को निर्देश दिया कि किसी भी अनाधिकृत व्यक्तियों को लाकअप के आसपास न आने दिया जाए।
पुलिस कर्मियों ने बैंकों में लगे सीसीटीवी, सायरन व संदिग्ध व्यक्तियों सहित वाहनों की जांच की। इस दौरान मौके पर मिले लोगों से बैंक आने का कारण पूछा साथ ही उन्हें सुरक्षा की जानकारी देकर जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।