सीतापुर। राजकीय इंटर कॉलेज सीतापुर के विद्यार्थियों को अब पढ़ाई के साथ ही खेल की बेहतर सुविधाएं भी मिलेंगी। कॉलेज में पांच करोड़ की लागत से मिनी इंडोर स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा। इस स्टेडियम में 17 खेलों की सुविधाएं मिलेंगी। पहली किस्त के रूप में 2.50 करोड़ रुपये का बजट आवंटित कर दिया गया है। उम्मीद है कि जल्द ही निर्माण कार्य प्रारंभ हो जाएगा।
शहर स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में खेल का मैदान तो है लेकिन यहां इंडोर खेल की कोई सुविधा नहीं है। इससे खिलाड़ियों को अभ्यास करने में काफी दिक्कत होती है। अब जल्द ही यह समस्या दूर हो जाएगी।
कॉलेज के परिसर में ही 2500 वर्गमीटर भूमि में यह इंडोर स्टेडियम बनाया जाएगा। इस स्टेडियम के निर्माण पर करीब पांच करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। पहली किस्त के रूप में 2.50 करोड़ रुपये का बजट मिल गया है। इससे कॉलेज के पांच सौ से अधिक विद्यार्थियों को खेलकूद का अभ्यास करने में सहूलियत होगी।
इन खेलों से संबंधित मिलेगी सुविधा
इंडोर स्टेडियम में बैडमिंटन, टेबल टेनिस, बॉस्केटबॉल, वॉलीबॉल, शूटिंग, बॉक्सिंग, जिम्नास्टिक, एक्रोबेट, हैंडबॉल, जूडो कराटे, कबड्डी, नेटबॉल, ताइक्वांडों व वेट लिफ्टिंग आदि खेलों से संबंधित सुविधा मिलेगी। कॉलेज के विद्यार्थियों ने खुशी जताई है। मयंक ने कहा कि इंडोर स्टेडियम बनने से बहुत से खेलों की सुविधा यहां पर मिलेगी। वह बॉस्केटबॉल खेलना चाहते हैं। अब इनमें हुनर दिखाने का मौका मिलेगा।
मिल गई है पहली किस्त
इंडोर स्टेडियम के लिए पहली किस्त मिल गई है। निर्माण कार्य जल्द शुरू होने वाला है। इससे विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
- अनिल कुमार, प्रधानाचार्य, जीआईसी