इकौना (श्रावस्ती)। लोक निर्माण विभाग मंत्री जितिन प्रसाद ने शनिवार को गिलौला में राप्ती के सिसवारा घाट पर पुल निर्माण के लिए भूमि पूजन किया। इस दौरान उन्होंने 73.44 लाख रुपये की दो परियोजनाओं का शिलान्यास व तीन का लोकार्पण किया।
गिलौला के सिसवारा गांव पहुंचे जितिन प्रसाद ने गिलौला भिनगा मार्ग स्थित राप्ती नदी के सिसवारा घाट पर कहा कि यहां 37 करोड़ 52 लाख रुपये की लागत से 272.93 मीटर डबल लेन पुल का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने जमुनहा के रामपुर धूम बोझी से अहिरा तक दो किलोमीटर संपर्क मार्ग निर्माण की आधारशिला रखी जिस पर एक करोड़ 50 लाख 25 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे।
इसके साथ ही उन्होंने जमुनहा के नानपारा शंकरपुर, लालपुर हुजूरपुर मार्ग 27.65 किलोमीटर व 25 किलोमीटर लंबे बहराइच भिनगा सिरसिया चौधरीडीह मार्ग का लोकार्पण किया। इस पर 34 करोड़ 41 लाख 48 हजार रुपये खर्च हुए हैं।
इस दौरान उन्होंने आयोजित जनसभा में कहा कि इस पुल के निर्माण से करीब 35 गांव के लोगों को तहसील व जिला मुख्यालय आने जाने में सहूलियत होगी। ये निर्माण फरवरी 2025 तक पूरा कराया जाएगा।
श्रावस्ती विधायक राम फेरन पांडे ने कहा की विधायक बनने के बाद से वह इस पुल की मांग कर रहे थे। उनका यह सपना आज साकार हो रहा है।
कार्यक्रम को जिला पंचायत अध्यक्ष व पूर्व सांसद दद्दन मिश्र, बलरामपुर अध्यक्ष आरती त्रिपाठी, एमएलसी साकेत मिश्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रकाश त्रिपाठी, डीएम कृतिका शर्मा ने भी संबोधित किया। इस दौरान एसडीएम, सीओ, तहसीलदार इकौना सहित काफी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि व आम जनता मौजूद रही। संवाद