श्रावस्ती। नगर पालिका परिषद भिनगा व नगर पंचायत इकौना में गुरुवार को नाम वापसी के दौरान अध्यक्ष पद के तीन व सभासद पद के छह प्रत्याशियों ने दाखिल पर्चा वापस लेकर मैदान छोड़ दिया। भिनगा में दो व इकौना में अध्यक्ष पद के एक जबकि सभासद में भिनगा में एक व इकौना में पांच प्रत्याशियों ने सभासद पद से अपना नाम वापस लिया।
नाम वापसी के बाद भिनगा में अध्यक्ष पद पर दस तो इकौना में सात प्रत्याशी मैदान में हैं। इकौना के चौक वार्ड में मात्र एक प्रत्याशी जय प्रकाश सोनी के ही मैदान में बचे होने से, उनका निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है। नगर पालिका परिषद भिनगा में अध्यक्ष पद पर पर निर्दल पर्चा दाखिल करने वाले विजय आर्य व आशीष आर्य ने गुरुवार को अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया है। नाम वापसी के बाद भिनगा में अब अध्यक्ष पद पर भाजपा से राकेश कुमार गुप्ता, सपा से राम अभिलाष यादव, बसपा से इरफान, आम आदमी पार्टी से अब्दुल रहीम खां, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से शैलेंद्र विक्रम मिश्रा, निर्दल अजय आर्य, अली अहमद, गायत्री देवी, शाहीन बानो तथा सूफियान मैदान में हैं।
इसी तरह भिनगा के वार्ड संख्या 13 से गायत्री देवी ने नामांकन पत्र वापस ले लिया है। जबकि नगर पंचायत इकौना से निर्दल साधना सोनी ने अपना नामांकन वापस ले लिया। अब यहां भाजपा से शांति , भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से गजाला चौधरी, सपा से राबिया खातून, आम आदमी पार्टी से निर्मला, निर्दल रुकैया, शलमा व उमा ही मैदान में है।
इकौना के वार्ड चौक से महफूजुर रहमान, सुनील यादव व अनिल कसौधन ने अपना नाम वापस ले लिया। ऐसे में चुनाव मैदान में बचे एक मात्र प्रत्याशी जय प्रकाश सोनी का इस सीट से निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया है। इकौना के कबीर नगर वार्ड से अवनेंद्र गुप्ता व देवी प्रसाद ने भी अपना नामांकन वापस ले लिया है।
भिनगा में भाजपा के राकेश का बागी अजय से मुकाबला
नगर पंचायत रही भिनगा में भाजपा से टिकट के प्रबल दावेदार रहे अजय आर्य को दस वर्ष पूर्व पार्टी ने टिकट न देकर राकेश गुप्ता को प्रत्याशी बनाया था। तब अजय ने पार्टी से बगावत कर निर्दल चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में हुए त्रिकोणीय मुकाबले में तत्कालीन अध्यक्ष नादिर शाह व भाजपा प्रत्याशी राकेश गुप्ता को शिकस्त दे अजय ने जीत दर्ज की थी। तब प्रदेश में सपा की सरकार थी इसके बाद अजय ने सपा का दामन थाम लिया।
प्रदेश में भाजपा सरकार बनते ही अजय पुन: दल बदल कर भाजपा में आ गए। पिछली बार नगर पंचायत से नगर पालिका परिषद बनी भिनगा में हुए चुनाव में भाजपा के प्रत्याशी के तौर पर अजय ने अपनी जीत दर्ज कराई थी। इस बार पुन: भाजपा ने राकेश गुप्ता को अपना प्रत्याशी बनाया है। ऐसे में अजय आर्य एक बार पुन: बागी बन निर्दल मैदान से उतरे हैं।