श्रावस्ती। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी एक दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को श्रावस्ती पहुंचीं। उन्होंने निरीक्षण भवन के सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए नियमित रूप से स्मार्ट क्लास का संचालन का निर्देश दिया।
समीक्षा बैठक में उपाध्यक्ष ने कहा कि बालिकाओं की शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए। मिशन शक्ति अभियान के तहत वृहद स्तर पर प्रचार-प्रसार कराकर उन्हें जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों को और व्यवस्थित करने की आवश्यकता है। केंद्रों पर पोषाहार का पारदर्शिता से वितरण कराया जाए, साथ ही नियमित मानिटरिंग भी की जाए।
कहा कि बिना भेदभाव के प्रत्येक महिला को सामाजिक सुरक्षा मुहैया कराई जाए, जिसके लिए महिला आयोग निरंतर प्रयासरत है। अधिकारी महिलाओं के साथ संवेदनशील व्यवहार करें, जिससे महिलाएं बेझिझक होकर अपनी बात कह सकें।
उन्होंने बाल विवाह जैसी कुरीतियों के खिलाफ लगातार जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया। उपाध्यक्ष ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से मिलकर हाल जाना। इस मौके पर एसडीएम भिनगा आशीष भारद्वाज, सीओ सतीश चंद्र शर्मा, जिला प्रोबेशन अधिकारी मोहम्मद मुमताज, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी देवेंद्र राम व डीपीओ पीके दास सहित अन्य मौजूद रहे।