पर्यटक आवास गृह श्रावस्ती में स्वास्थ्य मंत्री ने की विभागीय अधिकारियों संग बैठक।
- फोटो : SRAWASTI
कटरा (श्रावस्ती)। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सोमवार को अचानक श्रावस्ती पहुंचे। उन्होंने कटरा के राही पर्यटक आवास गृह में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं के संचालन के संबंध में जानकारी ली व योजनाओं का क्रियान्वयन समय से कराने को कहा।
प्रदेश सरकार के स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह सोमवार को अचानक श्रावस्ती पहुंचे। उन्होंने कटरा स्थित राही पर्यटक आवास गृह में स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रही योजनाओं के बारे में जानकारी ली।
कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का क्रियान्वयन समय से करें। साथ ही यह भी सुनिश्चित करें कि सरकार की सभी योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचे। इसमें किसी प्रकार की कोताही ना बरतें जिससे योजनाओं से जन सामान्य लाभान्वित हो सके।
इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वीके सिंह को चेतावनी दी कि वह स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित योजनाओं को समय से पूरा कराएं। चाहे टीकाकरण हो या अन्य कोई योजना हो, सभी योजना पूरी पारदर्शिता के साथ संचालित कर जन-जन को लाभान्वित कराएं।
इस दौरान श्रावस्ती विधायक रामफेरन पांडे, अधीक्षक सीएचसी इकौना डॉ. अजय कुमार मिश्रा, जेपी गौतम सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारी व अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के बाद स्वास्थ्य मंत्री बहराइच के लिए रवाना हो गए।