जमुनहा (श्रावस्ती)। ग्राम पंचायत परसोहन के मजरा मध्यानगरा में एक व्यक्ति ने सार्वजनिक मार्ग पर कटीले तार लगा कर कब्जा कर लिया था। इसकी शिकायत के बाद पहुंची राजस्व विभाग की टीम ने जेसीबी मशीन से अतिक्रमण हटवाया। इसके साथ ही दोबारा कब्जा न करने की चेतावनी दी।
मल्हीपुर थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत परसोहन के मजरा मध्यानगरा के निवासियों ने एसडीएम जमुनहा से अवैध कब्जे की शिकायत की थी। इसकी जांच तहसीलदार नरायन सिंह को सौंपी गई थी। उन्होंने तालाब पर अतिक्रमण किये जाने की पुष्टि की थी। इस पर उपजिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी जमुनहा व ग्राम प्रधान परसोहना तथा ग्राम पंचायत सचिव को कब्जा हटवाकर उस पर खड़ंजा लगवाने का निर्देश दिया था।
इस मामले में बीडीअे जमुनहा ने मल्हीपुर पुलिस को अतिक्रमण हटवाने को कहा था। इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटा। वहीं अतिक्रमणकारी की ओर से वहां पक्की दीवार बनवाई जा रही थी। यह समाचार अमर उजाला ने 21 अगस्त को एसडीएम की रोक के बाद भी बनवाई दीवार नामक शीर्षक के साथ प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
इसके बाद जिलाधिकारी टीके शिबु ने मामले को संज्ञान में लेते हुए उपजिलाधिकारी जमुनहा को तहसीलदार के नेतृत्व में मल्हीपुर के प्रभारी निरीक्षक, नायब तहसीलदार जमुनहा, राजस्व निरीक्षक सहित राजस्व लेखपालों को मौके पर भेज कर अतिक्रमण हटवाने व इसकी सूचना देने को कहा था। इस पर गांव पहुंची टीम ने पटरियों पर लगी झाड़ियों की जेसीबी से सफाई करवाई। इस बारे में नायब तहसीलदार जमुनहा डॉ. अवनीश कुमार ने बताया कि जेसीबी जहां तक जा सकती थी वहां तक अतिक्रमण हटवा दिया गया है। साथ ही दीवार को हटाने के लिए धारा 67 के तहत कार्रवाई किया जा रहा है।