चित्तौरा। विकास खंड चित्तौरा में शुक्रवार को आईआईटी कानपुर की टीम ने जल जीवन मिशन की जमीनी स्थिति का आकलन करने के लिए विभिन्न ग्राम पंचायतों का दौरा किया। टीम का नेतृत्व मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. प्रदीप स्वर्णकर ने किया।
टीम ने ग्राम पंचायत डीहा, अहिरौरा और रसूलपुर सरैय्या पहुंचकर पेयजल आपूर्ति व्यवस्था का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से सीधा संवाद कर योजना के प्रभाव की जानकारी ली। डीहा में शैलेंद्र, आकाश और संदीप सहित अन्य ग्रामीणों से बातचीत की। वहीं अहिरौरा गांव में शोधार्थियों ने लोगों से पेयजल की उपलब्धता और गुणवत्ता के बारे में जानकारी जुटाई। रसूलपुर सरैय्या में टीम ने पानी की गुणवत्ता की जांच भी की।
ग्रामीणों ने बताया कि घर-घर स्वच्छ पानी मिलने से बीमारियां कम हुई हैं और जीवन स्तर में सुधार आया है। डॉ. स्वर्णकर ने कहा कि जल जीवन मिशन ग्रामीण क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव ला रहा है। टीम अपनी रिपोर्ट शासन को सौंपेगी।