श्रावस्ती। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतदाता सूची पुनरीक्षण के लिए रविवार को विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान कई बूथों पर जहां बूथ लेबल आफीसर्स नदारद रहे, वहीं कई जगह पर विशेष अभियान के दौरान ताला लटकता दिखा। कई बूथ ऐसे भी मिले जहां फार्म 6, 7, 8 व 8ए न होने के कारण बीएलओ फोटो कॉपी कराकर फार्म पर दावा व आपत्ति लेते देखे गए।
जिले में मतदाता सूची पुनरीक्षण के लिए बनाए बूथों पर रविवार को विशेष अभियान चलाया गया। इसके लिए जिलाधिकारी यशु रुस्तगी ने सख्त निर्देश जारी किया था। डीएम ने सभी बूथों पर स्थानीय बूथ लेबल आफीसर्स को मौजूद रहने, बूथ पर आने वाले लोगों को निशुल्क निरीक्षण के लिए निर्वाचक नामावली उपलब्ध कराने तथा सभी प्रकार के फार्म उपलब्ध कराने का निर्देश दिया था। इसके तहत बूथ लेबल आफीसर्स को संबंधित बूथों पर सुबह दस बजे से शाम चार बजे तक मौजूद रहकर दावे व आपत्तियां प्राप्त करनी थी।
जब अमर उजाला की टीम ने रविवार को बूथों का जायजा लिया तो स्थिति एकदम विपरीत देखने को मिली। कई बूथों पर जहां ताले लटक रहे थे, वहीं कई बूथों पर फार्म नहीं मिले। यहां पर बूथ लेबल अधिकारी फार्म की फोटो कॉपी कराकर लोगों से दावे और आपत्तियां लेते दिखे। कुछ बूथों पर बीएलओ भी नदारद रहे।
फार्म की करानी पड़ी फोटो कापी
जूनियर हाईस्कूल जमुनहा में भाग संख्या 10 से 16 तक सभी बीएलओ वेद प्रकाश सैनी, सूचित राम, पवन कुमार वर्मा, वीरेंद्र कुमार मौर्य, हरिगोविंद, माधुरी देवी व सिद्धराम बूथ पर उपस्थित मिले। यहां पर मतदाता सूची उपलब्ध थी। वहीं फार्म 6, 7, 8 व 8ए पर्याप्त मात्रा में नहीं मिले। इससे यहां आए कई मतदाताओं ने मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए फार्म की फोटो कॉपी कराकर जमा किया।
लोगों से भरवाए फॉर्म
प्राथमिक विद्यालय महरू मूर्तिहा में पदाभिहित सहायक अध्यापक रमेश कुमार चौधरी व मनोज कुमार यादव मौजूद थे। यहां चार बूथ भाग संख्या 82 , 83, 84 व 85 है। भाग संख्या 82 पर बीएलओ मोहम्मद अयुब ने पांच महिला व पांच पुरुषों के नए फार्म जमा कराए। 83 पर बीएलओ साफिया बेगम ने 2 पुरुष व 3 महिलाओं का नया फार्म व एक महिला का संशोधन फार्म जमा कराया। भाग संख्या 84 पर शोभाराम ने दो पुरुष व तीन महिला के नए फार्म भरे। भाग संख्या 85 पर नाजुक जहां ने पांच पुरुष व पांच महिला के फार्म भरवा।ए
तीन बूथों पर बीएलओ ने भरे फॉर्म
प्राथमिक विद्यालय ददौरा में तीन बूथ बनाए गए हैं। इनमे 87, 88, 89 शामिल है। इसमें से भाग संख्या 87 पर एक महिला व एक पुरुष के नए फार्म, भाग संख्या 88 पर एक पुरुष व दो महिला के नए फार्म व भाग संख्या 89 पर एक नए व एक मृतक का नाम हटवाने के लिए फार्म भरवाए गए।
तीन बूथों पर नहीं मिले बीएलओ
लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज वीरगंज में तीन बूथ 53, 54, 55 बनाये गए है। यहां किसी भी बूथ पर कोई भी बीएलओ नहीं आया। जांच के लिए पहुंचे सुपरवाइजर सुनील मिश्रा को गेट पर ताला लगा मिला। इस पर उन्होंने बीएलओ से संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन बात नहीं हो सकी। इस पर उन्होंने सभी बीएलओ की अनुपस्थिति दर्ज की।
नहीं आए बीएलओ, लौटे लोग
प्राथमिक विद्यालय गौसपुर में व प्राथमिक विद्यालय असनी में रविवार को मतदाता सूची पुनरीक्षण के विशेष अभियान के दौरान ताला लटक रहा था। यहां बने बूथ पर बीएलओ नहीं आए। इसके चलते मतदाता सूची में नाम देखने, नाम बढ़वाने, नाम में संशोधन कराने व नाम हटवाने की आस में आए लोगों को बैरंग लौटना पड़ा।
मतदाता सूची पुनरीक्षण के लिए चलाए गए अभियान के दौरान किन परिस्थितियों में बीएलओ बूथों से अनुपस्थित थे, तथा उनके पास फार्म कैसे कम हुए इसकी जांच कराई जाएगी। जो भी दोषी होगा उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। - योगानंद पांडेय, एडीएम