श्रावस्ती। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ रही है। जो चिंता का विषय है। संक्रमण फैलने का यही आलम रहा तो इसके घातक परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। इसे संज्ञान में लेते हुए एसपी ने मातहतों को कोरोना प्रोटोकॉल का कड़ाई से अनुपालन कराने के लिए अभियान चलाने का निर्देश दिया है। इसकी शुरुआत मंगलवार को हुई। अभियान के पहले दिन नियमों की अनदेखी करने वालों को चेतावनी दी गई। वहीं अधिकारियों ने इसके बावजूद लोगों की ओर से कोविड प्रोटोकॉल की अवहेलना करने पर कार्रवाई की बात कही है।
अभियान के पहले दिन कोरोना वायरस से सुरक्षा एवं बचाव के लिए अपर पुलिस अधीक्षक बीसी दूबे की ओर से सिरसिया थाना क्षेत्र का भ्रमण कर जायजा लिया गया। इस दौरान उन्होंने बैरियर, चेकपोस्ट पर ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों को सतर्कता पूर्वक कार्य करने तथा कोरोना वायरस से बचाव के लिए मास्क व ग्लब्स आदि का प्रयोग करने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक ने सिरसिया पुलिस के साथ सिरसिया, गुलरा व चिलहरिया में पैदल गश्त की। इस दौरान सिरसिया स्थित इंडियन बैंक की भी जांच भी किया। जहां कई लोग बगैर मास्क मिले। इतना ही नहीं उनकी ओर से सामाजिक दूरी का पालन भी नहीं किया जा रहा था। इस पर एएसपी ने शाखा प्रबंधक से बगैर मास्क बैंक आने वालों से लेनदेन न करने, सामाजिक दूरी के नियमों का कड़ाई से पालन कराने का निर्देश दिया।
इसके बाद उन्होंने क्षेत्र में पड़ने वाले बैंक, एटीएम, ग्राहक सेवा केंद्र, मेडिकल स्टोर, किराना स्टोर, फल, सब्जी आदि की दुकानों पर जाकर सामाजिक दूरी का पालन करने तथा कोरोना वायरस से बचाव के लिए ग्लब्स आदि का प्रयोग करने की हिदायत दी। इसके साथ ही मास्क न पहनने वालों का चालान भी कराया गया।