श्रावस्ती। गैर प्रांत व महानगरों से आने वाले प्रवासी 21 दिन तक अपने घरों पर एकांतवास करें। इस दौरान उन्हें घर से बाहर आने जाने की कोई छूट नहीं रहेगी। निगरानी समितियों की ओर से नामित परिवार का एक सदस्य ही घर से बाहर आ जा सकेगा। यदि क्वारंटीन व्यक्ति अथवा परिवार के अन्य सदस्य इसकी अनदेखी करें तो निगरानी समिति के सदस्य इसकी शिकायत करें। जिससे संबंधितों पर कार्रवाई की जा सके।
यह बातें मुख्य विकास अधिकारी अवनीश राय ने गुरुवार को गिलौला के हुसैनपुर खुरहरी व मोहरनिया में होम क्वारंटीन लोगों से मिलकर कही। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी से सावधानी बरत कर ही बचा जा सकता है। इसलिए होम क्वारंटीन व्यक्ति घर से बाहर कदापि न निकले, उनके घर के एक ही सदस्य जो निगरानी समिति की ओर से नामित है, सिर्फ वही घर की रोजमर्रा सामग्री लेने के लिए निकले।
उन्होंने ग्रामप्रधान, सचिव एवं निगरानी समिति के सदस्यों को निर्देश दिया कि होम क्वारंटीन लोगों के घर के सभी लोगों को विशेष रूप से जागरूक करें। उन्हें सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने, मास्क, गमछा, दुपट्टा का प्रयोग करने के लिए प्रेरित करें।
इस दौरान सीडीओ ने डीएम के साथ गांव का भ्रमण कर ग्रामीणों का हाल भी जाना। साथ ही उन्हें अनावश्यक घर से बाहर न निकलने, अनिवार्य रूप से मास्क लगाने, समय समय पर साबुन अथवा सैनिटाइजर से हाथ साफ करने, सफाई पर विशेष ध्यान रखने तथा क्वारंटीन लोगों में किसी की हालत बिगड़ने पर तत्काल इसकी सूचना निगरानी समिति के सदस्यों को देने को कहा।