श्रावस्ती। एकता व भाईचारे का प्रतीक होली का त्योहार मंगलवार को जिले भर में धूमधाम से मनाया गया। अबीर-गुलाल व रंगों के साथ लोगों ने खूब धमाल मचाया। रंगों के उल्लास तथा होली के गीतों पर लोगों ने जमकर ठुमके लगाएं। रंग खेलने के बाद गले मिलकर लोगों ने एक दूसरे को त्योहार की बधाई दी। इस दौरान घरों में तरह तरह के व्यंजन बनाए गए और उनसे मेहमानों का स्वागत किया गया। त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह से सतर्क रहा।
जिले में मंगलवार को होलिकोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सोमवार देर रात जिले में 761 स्थानों पर होलिका दहन हुआ। इसके साथ ही गांव व नगर में होलियारों की टोली रंग गुलाल अबीर उड़ाते हुए फगुआ गीत पर झूमते नजर आई। इस दौरान होली समितियों की ओर से जिले में 12 स्थान पर जुलूस निकाला गया। भिनगा में मंगलवार को सुबह नौ बजे से रंग शुरू हुआ।
इस दौरान काली मंदिर पर एक कर लोग आते रहते हैं। कुछ देर बाद होरियारों का कारवां नगर की ओर बढ़ गया। यह पुराने बाजार से होता हुआ ईदगाह तिराहा पहुंचा, यहां डीजे पर बजने वाले होली गीत पर लोगों ने जमकर ठुमके लगाए। इसी तरह इकौना में भी होरियारों ने डीजे की धुनों पर ठुमके लगाते हुए खूब गुलाल उड़ाया।
चौक, चौराहों से गलियों तक लोगों ने एक दूसरे पर दोपहर तक रंग और अबीर-गुलाल उड़ाया इसके बाद देर शाम तक लोगों ने एक-दूसरे के घर जाकर होली की बधाई दी और गुझिया-पकवान खाए। जिलेभर में दोपहर तक रंगों की बौछार के कारण अघोषित बंदी जैसा माहौल रहा। वहीं सुरक्षा के मद्देजनर प्रत्येक होली जुलूस के साथ मजिस्ट्रेट और पुलिस बल तैनात रहा।
होली पर जिला प्रशासन ने सोमवार देर शाम से ही शराब व भांग की दुकान बंद करने का कड़ा फरमान जारी किया था। इसके बाद भी जिले में होली के दिन भी इस पर प्रतिबंध नहीं दिखा। दुकानदारों ने पूरे दिन चोरी छिपे शराब बेची। ऐसा ही कुछ मंगलवार को भिनगा नगर के नए बाजार में देखने को मिला। जहां एक गली में जमकर शराब बेची गई। वहीं शराब पीकर लोगों ने वाहन भी चलाया। इसके अतिरिक्त दो पहिया वाहनों पर तीन व उससे अधिक लोग भी बैठे दिखे।
त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से बीतने के बाद बुधवार को पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने भी होली मनाई। इस दौरान डीजे की धुनों पर जमकर सभी ने रंग गुलाल उड़ाया और एक दूसरे को त्योहार की बधाई दी। इस दौरान पुलिस लाइन मैदान में पुलिस कर्मियों ने ठुमके भी लगाए। होरियारों की टीम में शामिल कर्मचारी अधिकारियों के आवास से लेकर कोतवाली तक पहुंचे।
त्योहार के दौरान होलिका विभाजन का कार्यक्रम भिनगा नगर के सत्तीचौरा मोहल्ले में स्थित स्थल पर परंपरागत रीति रिवाज के साथ मनाया गया। इस दौरान नगर के सैकड़ों लोग एकत्र हुए और होलिका दहन के बाद पूजन अर्चन कर खेतों में तैयार नए अनाज को भूनकर प्रसाद के रूप में परिवार सहित ग्रहण किया। इस दौरान इकौना में जितेंद्र गुप्ता व गिलौला में विधायक श्रावस्ती राम फेरन पांडेय ने होलिका पूजन किया।