सिरसिया पुलिस की गिरफ्त में हाजी दद्दन खान।
श्रावस्ती। श्रावस्ती लोकसभा सीट से प्रत्याशी रहे बसपा नेता हाजी दद्दन खान उर्फ मैनुद्दीन खान को मंगलवार सिरसिया पुलिस ने उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके विरुद्ध शांतिभंग की आशंका में कार्रवाई कर एसडीएम भिनगा न्यायालय में पेश किया। एसडीएम ने उन्हें जेल भेज दिया है।
जिले में अवैध मदरसों के विरुद्ध प्रशासन की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसको लेकर बसपा प्रत्याशी रहे हाजी दद्दन खान उर्फ मैनुद्दीन खान ने अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट डाला था। इसमें लिखा था कि जिले में मस्जिद, मदरसा-कब्रिस्तान को बचाने के लिए 11 तारीख को बैठक करूंगा। पोस्ट में यह भी लिखा था कि इसमें आप सभी लोगों से सहयोग चाहता हूं।
पुलिस के अनुसार सिरसिया के निराला नगर निवासी हाजी दद्दन खान जिले के चिह्नित टॉप-10 अपराधी व हिस्ट्रीशीटर भी है। नियम विरुद्ध संचालित मस्जिद व मदरसों पर की जा रही प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर उन्हें आमजन को गुमराह कर शांति व्यवस्था भंग करने के लिए लोगों को उकसाता पाया गया। ऐसे में प्रभारी निरीक्षक सिरसिया राजकुमार सरोज ने बसपा नेता को गिरफ्तार कर लिया। उनके विरुद्ध शांतिभंग की आशंका सहित अन्य धाराओं में केस दर्जकर एसडीएम भिनगा आशीष भारद्वाज के न्यायालय में पेश किया गया। वहां से एसडीएम ने उन्हें 17 मई तक के लिए जेल भेज दिया है।