श्रावस्ती। जिले में बसों की परमिट वाले मार्ग पर डग्गामार वाहन संचालित हो रहे हैं। इससे घाटा लगने की बात कह निजी बसों का संचालन रोका जा रहा है। ऐसे में लोग डग्गामार वाहन के सहारे हैं। डग्गामार वाहन क्षमता से अधिक सवारी बैठाकर लोगों की जान जोखिम में डाली जा रही है बल्कि मुख्य मार्ग व पटरियों को ही टैक्सी स्टैंड के रूप में प्रयोग कर रहे हैं।
वहीं, जिले के अधिकांश प्राइवेट विद्यालयों में वाहन नहीं है। विद्यालय प्रबंधक, प्रधानाचार्य व अभिभावक बच्चों के लिए निजी वाहनों का सहारा ले रहे है। पैसा बचाने के लालच में ज्यादातर बच्चों को ई रिक्शा से भेजा जाता है। ई रिक्शा संचालक ज्यादा पैसा कमाने के लालच में दस से 12 बच्चों को बैठा रहे हैं। ऐसे दुर्घटना की आशंका के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
इस मार्ग पर रुका बस संचालन
डग्गामार वाहनों के संचालन से होने वाले नुकसान के कारण परमिट होने के बाद भी भिनगा गिलौला पयागपुर वाया इकौना मार्ग का संचालन पहले से ही बंद है। भिनगा जमुनहा मार्ग पर परसा तक संचालित बसों की संख्या कम कर दी गई है। अब डग्गामार वाहनों के संचालन से परेशान बस संचालकों ने बरदेहरा बदला गिरंट मार्ग से नानपारा तक प्राइवेट बसों का संचालन रोक दिया गया है। इससे यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
यहां संचालित होते अवैध टैक्सी स्टैंड
भिनगा में दहाना, ईदगाह, खलवा बाजार, राजर्षि ठाकुर द्वारा मैदान, तहसील के पीछे मुख्य मार्ग, सिरसिया, लक्ष्मणपुर, जोखवा, बेचई पुरवा, चिल्हरिया मोड़, गुलरा, ताल बघौड़ा, जमुनहा, बदला, नासिरगंज, कानी बोझी, परसा, बरदेहरा, तुलसीपुर, चिचड़ी रतनापुर में मुख्य मार्ग व पटरी ही स्टैंड बना हुआ है। इकौना व गिलौला में बस अड्डा की भूमि होने के बाद भी निगम की बसें मार्ग पर खड़ी हो रही हैं। इससे यहां जाम की स्थित उत्पन्न रहती है।