श्रावस्ती। लॉकडाउन के दौरान सभी लोगों के सामने आर्थिक व खाद्य सामग्री की समस्या धीरे-धीरे आने लगी है। खास तौर से उन लोगों के सामने जो निम्न आय वर्ग के हैं। इन्हीं आय वर्ग के ग्रामीणों के साथ समाचार पत्र विक्रेताओं को बुधवार को अमर उजाला फाउंडेशन ने समाजसेवियों के सहयोग से खाद्य सामग्री, साबुन व मास्क का वितरण किया। फाउंडेशन की ओर से सहयोग पाकर जरूरतमंदों के चेहरे खिल गए।
ये समस्याएं ग्रामीण क्षेत्रों में ज्यादा हैं जहां अभी फसल तैयार होकर घर पर नहीं आ पाई है। इसके चलते खाने-पीने की समस्या बनी हुई है। यही स्थिति कुछ हद तक समाचार पत्र वितरकों की भी है। इसी समस्या को देखते हुए अमर उजाला फाउंडेशन ने बुधवार को भिनगा में समाजसेवी मिथिलेश शुक्ल के सहयोग से सभी समाचार पत्र विक्रेताओं को एक सप्ताह का राशन जिसमें चावल, आटा, दाल, तेल, चीनी, चायपत्ती, नमक, सब्जी मसाला के साथ आलू, टमाटर व प्याज भी वितरित कराया। इस दौरान अमर उजाला कार्यालय में ही सभी कर्मयोगियों को आमंत्रित किया गया था जहां समाचार पत्र एजेंसी संचालक राजकुमार ओझा ने अपने हाथ से ही सभी वितरकों को सम्मान पूर्वक खाद्य सामग्री वितरित की।
वहीं गिलौला में अमर उजाला फाउंडेशन द्वारा समाचार पत्र विक्रेताओं को स्थानीय प्रतिनिधि लल्लन शुक्ल की मौजूदगी में समाजसेवी अभिषेक कुमार मिश्रा उर्फ मुन्ना भइया के सहयोग से खाद्य सामग्री वितरित की गई जिसमें एक सप्ताह के लिए दाल, चावल, आटा, नमक, तेल, सब्जी, मसाला, सहित अन्य सामान रहा। ये राशन किट स्थानीय पुलिस कर्मी द्वारा समाचार पत्र विक्रेताओं को दिये गये।
समाचार पत्र विक्रेताओं के साथ ही अमर उजाला फाउंडेशन ने ग्रामीणों की तरफ भी अपना हाथ बढ़ाया। इकौना में भगौती प्रसाद मिश्रा सेवा हॉस्पिटल के सहयोग से इकौना के ग्राम मिस्त्री पुरवा चिचड़ी में 20 जरूरतमंद लोगों को एक सप्ताह का राशन वितरित किया गया जबकि इस दौरान समाजसेवी इंद्रसेन जायसवाल द्वारा इन्हीं ग्रामीणों को फाउंडेशन की ओर से मास्क व हाथ धुलने के लिए साबुन वितरित किया। इस मौके पर हास्पिटल के प्रबंधक डॉ. रमेश मिश्रा, डॉ. विवेक त्रिपाठी, अशोक गुप्ता, याकूब मिर्जा, जीवन लाल, ओंकार प्रसाद तिवारी व चंदन मास्टर मौजूद रहे।
अमर उजाला फाउंडेशन द्वारा समाजसेवियों की मदद से जरूरतमंद लोगों को खाद्य सामग्री के साथ-साथ आर्थिक मदद भी पहुंचाया जा रहा है। मदद के इसी क्रम में अमर उजाला फाउंडेशन ने बुधवार को जमुनहा के भेला गांव में सामाजिक कार्यकर्ता व इलाहाबाद ग्राहक सेवा केंद्र संचालक अब्दुल कादिर के सहयोग से दस किलो गेहूं, दस किलो चावल के साथ बड़े दस परिवारों के मुखिया को प्रति परिवार एक हजार रुपये व 11 छोटे परिवारों के मुखिया को 500 रुपये का आर्थिक सहयोग देने के साथ सौ पीस मास्क भी वितरित किया गया।